भाजपा को जवाब देने आज आएंगी प्रियंका

By: May 14th, 2019 12:03 am

सुंदरनगर में 11 बजे से जनसभा, वीरभद्र-पाटिल-आनंद सहित अन्य नेता रहेेंगे मौजूद

मंडी —भाजपा के स्टार प्रचारक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की जनसभाओं के बाद मंगलवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा  सुंदरनगर में जवाबी जनसभा करेंगी। मंडी संसदीय क्षेत्र में पहली बार प्रियंका गांधी की यह राजनीतिक जनसभा होगी। प्रियंका गांधी 14 मई को 11 बजे के बाद हेलिकाप्टर के जरिए सुंदरनगर पहुंचेंगी। सुंदनरगर के जवाहर पार्क में जनसभा से पहले प्रियंका गांधी का रोड शो भी रखा गया है। रोड शो सुंदरनगर बहुतकनीकी कालेज से लेकर जवाहर पार्क तक होगा।  प्रियंका गांधी सुंदरनगर से भाजपा को घेरने के साथ ही मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी आश्रय शर्मा को वोट देने की अपील जनता से करेंगी। बता दें कि अब तक प्रधानमंत्री हिमाचल प्रदेश में दो बड़ी जनसभाएं कर चुके हैं और अमित शाह की भी तीन रैलियां हुई हैं। जबकि कांग्रेस की तरफ से राहुल गांधी की एक ही जनसभा अब तक हिमाचल प्रदेश के ऊना में हुई है, जिसके बाद प्रियंका गांधी मंडी में अपनी जनसभा करने जा रही हैं। सुंदरनगर के साथ ही प्रियंका गांधी की जनसभा पहले शिमला संसदीय क्षेत्र के तहत ठियोग में भी रखी गई थी, लेकिन सुरक्षा कारणों के चलते उसे रद्द कर दिया गया जिसके बाद प्रियंका गांधी की आज सुंदरनगर में होने वाली जनसभा पर कांग्रेस का सारा फोक्स बना हुआ है। इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर और पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम सहित अन्य नेता भी जनसभा में उपस्थित रहेेंगे। 

 प्रियंका की थी डिमांड

कांग्रेस से जुडे़ सूत्र बताते हैं कि आश्रय शर्मा के लिए विशेष रूप से कांग्रेस ने प्रियंका की जनसभा रखवाई है। इसके साथ ही लोगों से मिली फीडबैक के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रियंका गांधी को मंडी में रैली करने के लिए बुलाने की मांग कांग्रेस हाईकमान से की थी। यही वजह है कि ठियोग की रैली रद्द होने के बाद सुंदरनगर में प्रियंका की जनसभा रविवार को देरशाम फाइनल  करवाई गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App