भाजपा ने शांता को जबरन घर बिठाया

By: May 8th, 2019 12:04 am

ऊना —पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह ने कहा है कि सुखराम आया राम, गया राम थे, इसलिए वह उन्हें आया राम, गया राम बोलते थे। अब सुखराम के पोते आश्रय कांग्रेस में आए हैं, तो उसे हमने स्वीकार किया है। कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की 10 मई को ऊना जिला के लालसिंगी झलेड़ा पुलिस लाइन में प्रस्तावित रैली के सिलसिले में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं की बैठक में भाग लेने ऊना पहुंचे वीरभद्र सिंह ने एक सवाल के जबाव में कहा कि वह पूरे मन से प्रदेश में पार्टी का चुनाव प्रचार कर रहे है। उन्हें जबरन प्रचार में उतारने की बातों में कोई दम नही है। वीरभद्र सिंह ने कहा कि भाजपा ने शांता कुमार को जबरन घर बिठा दिया है। प्रदेश में कांग्रेस जीत का परचम लहराएगी।  बैठक में पार्टी प्रभारी रजनी पाटिल ने पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा पूर्व पीएम राजीव गांधी पर की गई टिप्पणी को अमर्यादित व निंदनीय करार दिया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी एक बेहतर इनसान थे, जिन्होंने देश को विकास की राह पर अग्रसर किया। उनके खिलाफ टिप्पणी को कांग्रेस सहन नहीं करेगी। रजनी पाटिल ने कहा कि राजीव गांधी आईटी क्रांति के सूत्रधार थे। उन्होंने युवाओं को 18 साल की आयु में मतदान का अधिकार दिया। इसके अलावा महिलाओं को पंचायती राज संस्थाओं में आरक्षण की सुविधा दी।

दस मिनट बात क्यों नहीं कर लेते मोदी

रजनी पाटिल ने कहा कि राजीव गांधी को बोफोर्स मामले में अदालत से क्लीनचिट मिली है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राफेल मामले में आरोपों से घिरे हैं। नरेंद्र मोदी यदि पाक साफ हैं, तो वह राहुल गांधी से 10 मिनट पर राफेल पर चर्चा क्यों नही कर लेते।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App