मंत्रियों के हलकोंसे भाजपा को बंपर बढ़त

By: May 25th, 2019 12:01 am

शाहपुर से लीड दिलवाने में सरवीण सबसे आगे, स्वास्थ्य मंत्री परमार रहे दूसरे नंबर पर

हमीरपुर, शिमला – मंत्रिमंडल के सहयोगियों के विधानसभा क्षेत्रों से भी भाजपा प्रत्याशियों को बड़ी लीड मिली है। एक से बढ़कर एक मंत्रियों के क्षेत्रों में बढ़त देखते ही बनती है। संसदीय क्षेत्र हमीरपुर के तीनों मंत्रियों के हलकों से इस बार भाजपा के पक्ष में बंपर वोटिंग हुई है। इनमें कांगड़ा जिला का जसवां-परागपुर सबसे ऊपर रहा। यह हलका तकनीकी शिक्षा एवं उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर का है। यहां से पार्टी को 29 हजार 174 मतों की भारी बढ़त मिली। उधर, मंडी जिला के तहत आने वाले धर्मपुर हलके से भी पार्टी प्रत्याशी को 27 हजार 623 मतों की लीड मिली है। यह हलका आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह का है।  इसके अलावा ऊना जिला में सबसे अधिक लीड कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र ने दिलवाई है। यह हलका पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर का है। यहां भाजपा को 27 हजार 227 मत पड़े हैं। आंकड़ों के अनुसार तीनों ही मंत्रियों ने अपने हलके से भाजपा को बढ़त दिलाने में कोई कसर शेष नहीं छोड़ी है।  कुल मिलाकर तीनों मंत्रियों के विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा को 84024 मतों की भारी बढ़त मिली है। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के तहत कांगड़ा जिला के जसवां-परागपुर से भाजपा को 40 हजार 584 वोट मिले, जबकि कांग्रेस को 11410 मतों से ही यहां संतोष करना पड़ा। मंडी जिला के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी को 37172 मत डले, जबकि कांग्रेस के पक्ष में 9549 वोट पड़े। ऊना जिला के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के पक्ष में 43672 लोगों ने मतदान किया, जबकि कांग्रेस को यहां से 16445 ही वोट डले।

सीएम परफार्मेंस से खुश

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अपने मंत्रियों की परफॉर्मेंस से खुश नजर आ रहे हैं। हालांकि यह असर मोदी की सुनामी है लेकिन मंत्रियों को भी इस लीड के बहाने अपना काम दिखाने का मौका मिल गया है।

कहां से कितनी लीड दिलवाई

हलका            मुख्यमंत्री/मंत्री       लीड

सराज            जयराम ठाकुर     37147

शाहपुर      सरवीण चौधरी     36120

सुलाह         विपिन परमार     31460

जसवां परागपुर  विक्रम ठाकुर  29174

कुटलैहड़  वीरेंद्र कंवर           27227

धर्मपुर   महेंद्र सिंह  27623

मनाली         गोविंद ठाकुर  16863

शिमला शहरी        सुरेश भारद्वाज        10084

लाहुल-स्पीति  रामलाल मार्कंडेय  3962


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App