महागठबंधन तेल-पानी की महामिलावट

By: May 6th, 2019 12:07 am

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विपक्ष को निशाने पर रख गिनाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियां

 निरमंड, आनी —प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता से कांग्रेस नेता बौखला गए हैं। स्थिति यह है कि विपक्ष के नेताओं को मोदी को रोकने के लिए गठबंधन के लिए मजबूर होना पड़ा। मुख्यमंत्री आनी के निरमंड स्थित रामलीला मैदान में एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने राष्ट्रहित के लिए सराहनीय कार्य किए हैं। पांच साल के कार्यकाल में मोदी सरकार ने देश के विकास के लिए जो किया है, वह कांग्रेस सरकार 50 साल में भी नहीं कर पाई। मोदी सरकार ने अपने पांच साल का कार्यकाल जनकल्याण के लिए समर्पित किया। वहीं केंद्र की पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार में वृद्धि हुई। इसके चलते देश की जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पर करोड़ों के घोटालों के आरोप भी लगे। उन्होंने विपक्ष के महागठबंधन को महा मिलावटी गठबंधन करार देते हुए इसे तेल-पानी का गठबंधन बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है, वो करके दिखाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा ने बतौर सांसद क्षेत्र के लिए सराहनीय कार्य किए है। अहम से दूरी बनाने वाले रामस्वरूप शर्मा सादगी एवं ईमानदारी से जनता की सेवा करते हैं। लोकतंत्र में ऐसे ही नेता की आवश्यकता होती है। उन्होंने स्थानीय जनता से आग्रह किया कि लोकसभा चुनाव में आनी से भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा को पूर्ण बहुमत से विजयी बनाएं। कांग्रेस ने परिवारवाद को बढ़ावा देकर देश में मंहगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी सहित अन्य कई समस्याओं को बढ़ावा देकर देश को तरक्की और खुशहाली के मामले में पीछे धकेला है, जबकि नरेंद्र मोदी ने सत्ता में रहते हुए इन सभी समस्याओं को दूर कर विकास की गति को आगे बढ़ाया और हर वर्ग के उत्थान के लिए विभिन्न योजनाएं बनाकर करोड़ों लोगों को लाभान्वित किया, जिसका श्रेय वर्तमान लोकसभा चुनावों में भाजपा को भारी जनसमर्थन के रूप में अवश्य मिलेगा।

सराजी भाषा में विरोधियों पर तंज

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपनी सराजी भाषा में विरोधी पार्टी कांग्रेस के दिग्गज नेताओं पर खूब तंज कसे और मंडी सीट से सुखराम के पौत्र मोह और आया राम, गया राम की राजनीति पर खूब ठहाके भी लगाए।

परिवार नहीं, राष्ट्रहित के लिए काम कर रहे पीएम

सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि देश को निःस्वार्थ व समर्पित भाव से सेवा करने वाले प्रधानमंत्री की आवश्यकता है। ऐसा व्यक्तित्व वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में नरेंद्र मोदी के अलावा किसी अन्य राजनेता का नहीं है। अतः राष्ट्रवासियों को भाजपा पर स्थापित विश्वास को कायम रखते हुए एक बार पुनः मोदी सरकार को बनाने में अपना बहुमूल्य योगदान देना चाहिए। पीएम परिवार के लिए राष्ट्रहित के लिए काम कर रहे हैं।

जिसके प्रमाण सामने हैं… उस पर चुप क्यों हैं राहुल

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि वह खुद तो बिना प्रमाण के उस सौदे पर आरोप लगाते फिर रहे हैं, जिसे सीएजी और सुप्रीम कोर्ट ने हरी झंडी दिखाई है, लेकिन उस मामले पर कुछ नहीं बोल रहे, जिसमें कई प्रमाण सामने आ गए हैं। दूसरे पर एक उंगली उठाने से चार उंगलियां अपनी ओर उठ जाती हैं यह बात राहुल गांधी को याद रखने चाहिए। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष पर अमेठी में किसानों की जमीन हड़पने का भी आरोप लगाया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App