मैं, नरेंद्र दामोदर दास मोदी….

By: May 31st, 2019 12:08 am

मोदी ने राष्ट्रपति भवन में 57 मंत्रियों संग ली शपथ, कैबिनेट में अनुराग ठाकुर सहित 19 नए चेहरे

नई दिल्ली – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार दूसरी बार देश की बागडोर संभाल ली है। गुरुवार शाम राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पीएम मोदी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके साथ 24 कैबिनेट मंत्रियों सहित कुल 58 राज्य मंत्रियों (स्वतंत्र प्रभार) व राज्य मंत्रियों ने शपथ ली। इन मंत्रियों में 19 नए चेहरे शामिल किए गए हैं, जिनमें से छह तो केंद्रीय मंत्री बनाए गए हैं।  इनमें अमित शाह व डा. एस जयशंकर का नाम सबसे चर्चा में रहा। हिमाचल से अनुराग ठाकुर को मोदी कैबिनेट में जगह दी गई है। गुरुवार को पीएम के बाद पिछली सरकार में गृह मंत्री रहे लखनऊ से भाजपा के सांसद राजनाथ सिंह ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। ऐसे में साफ है कि मोदी सरकार 2.0 में उनका कद दूसरे नंबर का होगा। सरकार में तीसरे नंबर पर अमित शाह ने कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली। सरकार में चौथे मंत्री के तौर पर नितिन गडकरी ने शपथ ली। इसके बाद सदानंद गौड़ा ने अंग्रेजी में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इससे पहले पीएम और तीन अन्य मंत्रियों ने हिंदी में शपथ ली। पिछली सरकार में रक्षा मंत्री रहीं निर्मला सीतारमण, एनडीए के सहयोगी दल लोजपा के प्रमुख रामविलास पासवान, नरेंद्र सिंह तोमर, पटना साहिब से जीते रविशंकर प्रसाद ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद हरसिमरत कौर बादल ने कैबिनेट मंत्री के तौर पर पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। उनके बाद सामाजिक न्याय मंत्री रहे थावर चंद गहलोत ने भी शपथ ली। पूर्व विदेश सचिव रहे डा. एस जयशंकर ने भी कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली। अमरीका से न्यूक्लियर डील के अलावा चीन के साथ डोकलाम विवाद को बेहतर तरीके से सुलझाने में उनकी बड़ी भूमिका थी। वह चीन और अमरीका में भारत के राजदूत रहे हैं। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने कैबिनट मंत्री के तौर पर शपथ ली। तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री रहे अर्जुन मुंडा ने भी गुरुवार को कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली। अमेठी से कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष राहुल गांधी को लोकसभा चुनाव में हराने वाली स्मृति इरानी को मोदी कैबिनेट 2.0 में शामिल किया गया है। इसके बाद पिछली सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे डॉ. हर्षवर्धन, मानव संसाधन विकास मंत्री रहे प्रकाश जावड़ेकर, रेल मंत्री रहे पीयूष गोयल व पेट्रोलियम मंत्री रहे धर्मेंद्र प्रधान और मुख्तार अब्बास नकवी ने भी कैबिनेट मंत्री के तौर पर पद की शपथ ली। संघ से जुड़े रहे और धारवाड़ (कर्नाटक) से सांसद प्रह्लाद जोशी ने 20वें कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली। इसके बाद चंदौली से सांसद और यूपी के भाजपा अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडे ने भी कैबिनेट मंत्री के तौर पर पद की शपथ ली। वह पिछली सरकार में मानव संसाधन राज्य मंत्री रह चुके हैं। अरविंद सावंत ने शिवसेना कोटे से कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली। इन्होंने मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा को हराया है। बेगूसराय से जीते बीजेपी के फायरब्रैंड नेता गिरिराज सिंह और गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली। इस मौके पर बिम्स्टेक देशों के नेताओं के साथ-साथ विभिन्न राज्यों के राज्यपाल, मुख्यमंत्री , राजनीतिक दलों के अध्यक्ष और कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, सुषमा स्वराज,कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और कई अन्य वरिष्ठ नेता भी समारोह में शामिल हुए। रतन टाटा और मुकेश अंबानी सहित उद्योग जगत तथा सिने जगत की कई हस्तियां भी मौजूद थी। समारोह में लगभग आठ हजार लोग उपस्थित थे। इससे पहले श्री मोदी ने गुरुवार सुबह राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की समाधि ‘सदैव अटल’ पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रीय युद्ध स्मारक जाकर उन्होंने शहीदों को भी नमन किया।

मोदी के कैबिनेट मंत्री

़1 राजनाथ सिंह 2 अमित शाह 3 नितिन गडकरी 4 डीवी सदानंद गौड़ा 5 निर्मला सीतारमण 6 रामविलास पासवान 7 नरेंद्र सिंह तोमर 8 रविशंकर प्रसाद 9 हरसिमरत कौर बादल 10 थावरचंद गहलोत 11 एस जयशंकर 12 रमेश पोखरियाल निशंक 13 अर्जुन मुंडा खूंटी 14 स्मृति ईरानी 15 हर्षवर्धन 16 प्रकाश जावड़ेकर 17 पीयूष गोयल 18 धर्मेंद्र प्रधान 19  मुख्तार अब्बास नकवी 20 प्रहलाद जोशी 21 महेंद्रनाथ पांडेय 22 अरविंद सावंत 23  गिरिराज सिंह 24  गजेंद्र सिंह शेखावत

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)

1 संतोष गंगवार 2 राव इंद्रजीत सिंह 3 श्रीपद नाइक 4  जीतेंद्र सिंह 5  किरेन रिजिजू 6 प्रहलाद पटेल 7 आरके सिंह 8 हरदीप पुरी 9 मनसुख मांडविया

राज्य मंत्री

1 फग्गन सिंह कुलस्ते 2 अश्विनी चौबे 3 अर्जुन राम मेघवाल 4 वीके सिंह 5 कृष्णपाल गुर्जर 6 रावसाहेब दानवे 7 जी किशनरेड्डी 8 पुरुषोत्तम रुपाला 9 रामदास आठवले 10 साध्वी निरंजन ज्योति 11 बाबुल सुप्रियो 12 संजीव बालियान 13 संजय धोत्रे 14 अनुराग ठाकुर 15 सुरेश अंगड़ी 16 नित्यानंद राय 17 रतन लाल कटारिया 18 वी मुरलीधरन 19 रेणुका सिंह सरुता 20 सोम प्रकाश 21 रामेश्वर तेली 22 प्रताप चंद्र सारंगी 23 कैलाश चौधरी 24 देबश्री चौधरी


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App