मैदानों में उबाल, पहाड़ भी हुए गर्म

By: May 31st, 2019 12:15 am

ऊना का पारा 44 डिग्री; शिमला 29 पार, पहली से बरसेंगी राहत की बौछारें

शिमला – प्रचंड गर्मी से मैदानी क्षेत्रों में उबाल आ चुका है। पिछले कई दिनों से तापमान में भारी बढ़ोतरी के साथ गर्मी से पसीना छूटने लगा है। गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में तेज धूप और तापमान में भारी बढ़ोतरी हुई। प्रदेश का सबसे गर्म जिला ऊना का अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां तक कि राजधानी शिमला में गर्मी का अहसास हुआ। यहां अधिकतम तामपान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। धर्मशाला का अधिकतम तापमान भी 31 डिग्री पर पहुंचा। यही नहीं, नालागढ़ 45, हमीरपुर 40 तो बिलासपुर का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ऐसे में शुक्रवार को भी प्रदेश में गर्मी और बढ़ेगी। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला से मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश में पहली जून से मौसम राहत दे सकता है। इस दौरान प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश होगी। हालांकि मौसम विज्ञान केंद्र से ऐसी कोई चेतावनी नहीं हैं, लेकिन खराब मौसम के कारण गर्मी से राहत मिल सकती है। देश के मैदानी क्षेत्रों में प्रचंड गर्मी से निजात पाने के लिए सैलानियों ने हिमाचल के शिमला, धर्मशाला, मनाली, कुल्लू, किन्नौर सहित नारकंडा क्षेत्रों की ओर अपना रुख कर दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि पहली से तीन जून तक प्रदेश में मौसम खराब रहेगा और इस दौरान बारिश होगी।

इस बार देरी से आएगा मानसून

जानकारी के मुताबिक इस बार मानसून हिमाचल में काफी देरी से आएगा। उससे पहले जब तक प्री -ानसून न आए तब तक लोगों को तपती गर्मी से निजात नहीं मिलेगी।

कहां, कितना तापमान

शहर   अधिकतम    न्यूनतम

शिमला    29.8      19.0

सुंदरनगर  40.1      17.5

भुंतर       37.4       12.8

कल्पा     24.0      8.5

धर्मशाला  31.0      17.2

ऊना       44.2       19.8

सोलन     36.0      16.8

नाहन      37.9      24.5

केलांग     22.0      6.8

कांगड़ा    39.3      19.3

बिलासपुर 42.0      19.0

हमीरपुर   40.4      18.7

चंबा       37.6      14.7

डलहौजी  23.6      18.2


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App