मोदी की सुनामी में ढहे कांग्रेसी किले

मतियाना—पूरे देश में चली नरेद्र मोदी की प्रचंड सुनामी लहरों ने कांग्रेस के गढ़ माने जाने वाले जिला शिमला के विधानसभा क्षेत्रो में कांग्रेस के किलों को ध्वस्त कर ऐेतिहासिक जीत दर्ज की है। शिमला से लेकर रोहडु, रामपुर, ठियोग, कुमारसैन, कोटखाई, चौपाल आदि सभी क्षेत्रों में भाजपा ने बंपर वोट लेकर रिकार्ड तोड़ जीत प्राप्त कर भगवा लहराने में सफलता पाई है। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के स्टार प्रचारक वीरभद्र सिंह भी अपने गृह क्षेत्र रामपुर को मोदी लहरों में बहने से रोकने में असफल रहे। वहीं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर भी अपने हल्के ठियोग कुमारसैन में अपनी साख नहीं बचा पाए उनके ही बूथ दोजा शालगी में भाजपा को बढ़त मिली। वहीं पूर्व मंत्री विद्या स्टोक्स के बूथ बारूबाग और ब्लाक कांग्रेस नारकंडा अध्यक्ष प्रमोद चौहान के बूथ करेवथी में भी भाजपा ने कांग्रेस को पछाड़ कर बढ़त बनाई। राजीव गांधी पंचायती राज प्रदेश संयोजक व ठियोग से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके कांग्रेस नेता दीपक राठौर ही अपने बूथ कोटी में भाजपा की बढ़त को रोकने में कामयाब रहे। वहीं ठियोग की ग्राम पंचायत माहोग के बूथ शिला गाढोल में कांग्रेस व भाजपा दोनों दलों को 357-357 बराबर वोट पडे़।