मोदी लहर में उड़ रहे कांग्रेस के होश

By: May 12th, 2019 12:01 am

जयराम ठाकुर ने कहा, अब अमित शाह की रैली से उखड़ जाएंगे बचे तंबू

शिमला – मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता जयराम ठाकुर ने कहा है कि प्रधनामंत्री की मंडी में सफल रैली ने प्रदेश में मोदी लहर को और तेज कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के चारों उम्मीदवारों को जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। आने वाले दिनों में मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की रैलियों से कांग्रेस के बचे तंबू भी उखड़ जाएंगे। हिमाचल की जनता को पता है कि केंद्र में मोदी सरकार रहेगी तभी प्रदेश की विकास योजनाओं को जारी रखा जा सकेगा। इसके अलावा कांग्रेस को हराने में उसकी अंदरूनी लड़ाई भी अपना किरदार अदा कर रही है। राहुल गांधी का ऊना दौरा भी कांग्रेस के दोनों गुटों के घमासान को ठंडा नहीं कर सका। मंडी में प्रधानमंत्री मोदी को सुनने के लिए अभूतपूर्व संख्या में लोग दूर-दूर से आए थे। इसमें महिलाओं और युवाओं की तादाद उल्लेखनीय थी। मोदी ने जब हिमाचल के साथ अपने भावनात्मक रिश्ते की याद दिलाई तो लोग भावुक हो गए। यह सब जानते हैं कि नरेंद्र मोदी ने भाजपा के प्रदेश प्रभारी रहते हुए हिमाचल के चप्पे-चप्पे को देखा है। उनका इस राज्य से विशेष लगाव है। इसीलिए उनके प्रधानमंत्री बनने के बाद हिमाचल को प्राथमिकता के आधार पर आर्थिक सहायता दी गई, लेकिन तत्कालीन वीरभद्र सिंह सरकार ने उसे या तो फिजूलखर्ची में उड़ा दिया या फिर उसे खर्च करने के लिए योजनाएं ही नहीं बनाई। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद राज्य के लोगों की उम्मीदों पर मोदी सरकार खरी उतरी और उसमें हिमाचल के विकास को नई रफ्तार दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर भाजपा सरकार ने समान रूप से विकास कार्य शुरू कराए। मोदी के सबका साथ सबका विकास के नारे को हिमाचल ने अमलीजामा पहनाया। यही वजह है कि प्रदेश की जनता मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाना चाहती है।

यूपीए ने दस साल भेदभाव किया

मुख्यमंत्री का कहना है कि केंद्र में दस साल तक लगातार राज करने वाली कांग्रेस सरकार ने हिमाचल को सहायता देने के मामले में भेदभाव का रवैया अपनाया। इस दौरान राज्य सरकार को आर्थिक सहायता देने की बजाय केंद्र ने विकास कार्यों में रुकावटें डालीं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App