रणवीर के साथ फिर काम करेंगी दीपिका!

 

बॉलीवुड की डिंपल गर्ल दीपिका पादुकोण एक बार फिर रणवीर सिंह के साथ काम करती नजर आ सकती है।रणवीर और दीपिका की शादी पिछले साल काफी चर्चा में रही। अब दोनों को लेकर जो खबर आ रही है उससे रणवीर और दीपिका के फैंस भी खुश हो जाएंगी। चर्चा है कि दीपिका फिल्म 83 में रणवीर की पत्नी की अहम भूमिका निभाती नजर आएंगी। इससे पहले भी कई फिल्मों में दोनों ने साथ काम किया है लेकिन दोनों को एक साथ पर्दे पर अभी तक शादी के पहले देखा गया था। अब दोनों को शादी के बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर देखा जा सकेगा। दीपिका और रणवीर ने ‘गोलियों की रासलीला – रामलीला’, ‘पद्मावत’ और ‘बाजीराव मस्तानी’ फिल्मों में साथ काम किया है और दोनों की जोड़ी को इन फिल्मों में काफी पसंद भी किया गया। कहा जा रहा है कि दीपिका को रणवीर सिंह की आने वाली फिल्म 83 के लिए फाइनल कर लिया गया है। भारत के पहले क्रिकेट वर्ल्ड कप की जीत की कहानी पर आधारित फिल्म 83 में रणवीर सिंह कपिल देव का किरदार निभा रहे हैं और दीपिका इस फिल्म में कपिल देव की पत्नी की भूमिका निभाती नजर आएंगी।