रोहतांग मार्ग पर भू-स्खलन

By: May 18th, 2019 12:05 am

कुल्लू —रोहतांग मार्ग पर बंता मोड़ के पास भू-स्खलन हुआ। जिससे रोहतांग की तरफ पैदल जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। यही नहीं भू-स्खलन होने से बंता मोड़ से आगे बीआरओ के वाहनों समेत अन्य कुछ और वाहन भी फंसे रहे। हालांकि रोहतांग के नजदीक तक लाहुल के लोगों के वाहन पहुंचते हैं। लेकिन  शुक्रवार को भू-स्खलन होने से वाहनों की आवाजाही पर ब्रेक लग गई। ऐसे में यहां से आगे लोगों को करीब 10 किलोमीटर रोहतांग तक पैदल सफर करना पड़ा। हालांकि रोहतांग से  ग्रांफू तक वैसे भी मार्ग खुल नहीं पाया है। ऐसे में इन लोगों को बर्फ के बीच कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ा।  बता दें कि शुक्रवार को 205 लोगों ने मनाली की तरफ से रोहतांग दर्रा पार किया। जबकि लाहुल की तरफ से 74 लोग बंता मोड़ तक पैदल पहुंचे।  बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर बाद रोहतांग दर्रे पर हल्की बर्फबारी भी शुरू हो गई है। वहीं, इस बीच बारिश का दौर भी चलता रहा। ऐसे में बंता मोड़ में हुए भू-स्खलन से मार्ग पर आए मलबे को हटाया नहीं गया। मढ़ी चैकपोस्ट में तैनात रेस्क्यू प्रभारी निशांत भूषण ने बताया कि बंता नाला के पास शुक्रवार को भू-स्खलन हुआ था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App