लगातार दूसरे दिन पेट्रोल 21, डीजल नौ पैसे सस्ता

By: May 11th, 2019 12:06 am

नई दिल्ली – देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन कमी आई और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 21 पैसे तथा डीजल नौ पैसे सस्ता हो गया। देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कारपोरेशन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली में शुक्रवार को पेट्रोल 21 पैसे सस्ता होकर 72.63 रुपए प्रति लीटर रह गया। यह 16 मार्च के बाद का इसका निचला स्तर है। दो दिन में इसकी कीमत 37 पैसे घट चुकी है। राष्ट्रीय राजधानी में डीजल की कीमत दो दिन में 19 पैसे घटी है। शुक्रवार को यह नौ पैसे सस्ता होकर 66.47 रुपए प्रति लीटर पर आ गया, जो 24 अप्रैल के बाद का इसका निचला स्तर है। मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल 21-21 पैसे सस्ता होकर क्रमशः 78.23 रुपए और 75.42 रुपए प्रति लीटर रह गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App