लाहुल में बारिश, रोहतांग में बर्फबारी

By: May 21st, 2019 12:07 am

मौसम के बिगड़े मिजाज ने फिर डराए लोग; तापमान में गिरावट दर्ज, मई में भी पीछा नहीं छोड़ रही ठंड

केलांग —लोकसभा चुनावों का अंतिम चरण सफलता पूर्वक निपटते ही जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति में बादलों ने जहां बरसना शुरू कर दिया है, वहीं रोहतांग दर्रे पर सोमवार दोपहर बाद हल्का हिमपात भी दर्ज किया गया है।  रोहतांग दर्रे सहित लाहुल की ऊंची चोटियों पर दोपहर बाद हल्की बर्फबारी का जहां दौर शुरू हुआ, वही जिला मुख्यालय में बादलों ने भी बरसना शुरू कर दिया। मौसम के बदलते ही घाटी के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। लिहाजा, लाहुल में एक बार फिर लोगों को मई माह में भी ठंड से निजात नहीं मिल पाई है। घाटी के अधिकतर क्षेत्रों में  अभी भी बर्फ जमी हुई है।  हालांकि घाटी में यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं हुई है, लेकिन लोगों के दिलों में बर्फबारी का डर पैदा जरूर कर डाला है। लोगों का कहना है कि मौसम में आए बदलाव से जहां घाटी के तापमान  एक बार फिर लुढ़क गया है, वहीं ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। लोगों का कहना है कि रोहतांग दर्रे पर भी सोमवार दोपहर बाद हल्का हिमपात हुआ है। यहां बता दें कि बीआरओ ने हाल ही में रोहतांग दर्रे को बहाल किया है और दर्रे से छोटे वाहनों की आवजाही शुरू हो पाई है। पांच माह बाद रोहतांग दर्रे के बहाल होने से लाहुल घाटी शेष विश्व से जुड़ पाई है।  ऐसे में सोमवार दोपहर बाद दर्रे पर बदले मौसम ने लोगों को फिर डरा डाला है। लोगों का कहना है कि अब घाटी में बर्फबारी न हो तो ठीक है। पहले ही इस बार सर्दियों में लोगों ने काफी दिक्कतें झेली हैं और पांच माह बाद लाहुल के लोगों के चेहरों पर रौनक लौटी है। ऐसे में सोमवार को जहां बादलों ने लाहुल में बरसना शुरू किया है, वहीं रोहतांग की बर्फबारी ने लोगों को डरा जरूर दिया है। उधर, उपायुक्त लाहुल-स्पीति अश्वनी कुमार चौधरी का कहना है कि सोमवार को दोपहर बाद घाटी में बारिश का दौर शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि रोहतांग दर्रे पर भी हल्का हिमपात होने की सूचना मिली है।   दर्रे को बहाल रखने के लिए बीआरओ की टीम को अलर्ट पर रखा गया है। खराब मौसम के कारण घाटी के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। उल्लेखनीय है कि सर्दियों में जहां लाहुल-स्पीति में बर्फबारी ने सारे रिकार्ड तोड़ डाले हैं, वहीं पांच माह बाद रोहतांग दर्रे को बीआरओ ने बहाल किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App