वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने संभाला मोर्चा

By: May 15th, 2019 12:05 am

सुंदरनगर—कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की सुंदरनगर में न्याय रैली में मंगलवार को लोग तो उमडे़, लेकिन लोगों को प्रियंका गांधी के ही दीदार नहीं हो सके। प्रियंका गांधी ने पहली बार मंडी जिला में जनसभा को संबोधित करना था, लेकिन वह खराब मौसम के चलते नहीं पहुंच सकीं, जबकि कम समय व खराब मौसम के बाद भी कांग्रेस ने सुंदरनगर रैली में लोगों को एकत्रित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। हालांकि कांग्रेस नेताओं के दावे के अनुसार बहुत बड़ी रैली का आयोजन तो नहीं हो सका, लेकिन उसके बाद भी खराब मौसम में कांग्रेस सम्मान जनक भीड़ जुटाने में सफल रही। वहीं प्रियंका गांधी को सुनने को लेकर रैली में बड़ी तादाद में महिलाएं भी उमड़ीं और कार्यकर्ताओं में जोश भी देखने को मिला। प्रियंका गांधी के आने की उम्मीद में कार्यकर्ता रैली के अंत तक भी बैठे रहे। हालांकि सुंदरनगर रैली में इसके बाद भी कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने लोगों को संबोधित किया। लोगों को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, पूर्व केंद्रीय पंडित सुखराम, पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। सभी नेताओं के निशाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही सबसे अधिक रहे, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर नेमुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर भी जमकर निशाने साधे। जनसभा में पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, प्रकाश चौधरी, ठाकुर सिंह भरमौरी, रंगीला राम राव, कांग्रेस के चुनाव प्रभारी संजय दत्त, राजीव गंभीर, पूर्व सीपीएस सोहन लाल, सुंदरनगर कांग्रेस जिला अध्यक्ष पवन शर्मा, मंडी के अध्यक्ष दीपक शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष शशि शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App