शिंगला में उमड़ा आस्था का सैलाब

By: May 8th, 2019 12:10 am

रामपुर बुशहर—रामपुर के शिंगला में भगवान नृसिंह स्वामी एवं देवता साहिब यज्ञेश्वर महाराज शिंगला के नव निर्मित शिव मंदिर (देओरा) शिंगला की प्रतिष्ठा में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। इस विशेष अवसर पर देवता साहिब के प्रति श्रद्धा रखने वाले हजारों लोग मंदिर परिसर में हुए इस धार्मिक अनुष्ठान के साक्षी बने। लंबे समय बाद इस मंदिर का जीर्णोद्धार हुआ है। मंदिर प्रतिष्ठा के लिए शिंगला में बीते तीन मई से विभिन्न आयोजन शुरू हो गए थे। मंगलवार को शिखा पूजन और कलश स्थापना के साथ मंदिर प्रतिष्ठा संपन्न हुई। यह धार्मिक अनुष्ठान क्षेत्र के आराध्य देवता साहिब लक्ष्मी नारायण कुमसू, देवता साहिब दमुख डंसा, देवता साहिब दोगुणू लालसा, देवता साहिब जाहरू नाग शनेरी, देवता साहिब जाख रचोली, स्थानीय देवता साहिब यज्ञेश्वर शिंगला और छोटू देवता कीम के सानिध्य में संपन्न हुआ। मंदिर कमेटी शिंगला अध्यक्ष रतन भारद्वाज ने बताया कि तीन मई को आचार्यों द्वारा पूजा पाठ के साथ यज्ञ का कार्य शुरू हुआ। बीते सोमवार को दोपहर बाद से शाम तक जाइयों को स्वागत किया गया और शाम पांच बजे के बाद धार्मिक अनुष्ठान में पहुंचे देवताओं का स्थानीय यज्ञेश्वर महाराज द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। मंगलवार को शिखा पूजन एवं कलश स्थापना के साथ मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का कार्य संपन्न हुआ। देवता ने क्षेत्र वासियों को सुख समृद्धि का आर्शिवाद प्रदान किया। इस दौरान दूर दूर से आए हजारों श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से भंडारे का भी आयोजन किया गया था। इसके बाद श्रद्धालुओं ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए देवता सहिब के साथ नाटी में भी भाग लिया। देर शाम तक नाटियों का दौर चलता रहा। इस मौके पर पुजारी रूपेश शर्मा, कृष्ण कुमार शास्त्री, मदन गोपाल, देवीचंद गौतम, राजेश कायथ, लेखराज शर्मा और लीलाधर सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App