श्रीलंका में सोशल मीडिया बैन, कर्फ्यू

By: May 14th, 2019 12:02 am

कोलंबो। श्रीलंका में ईस्टर के अवसर पर हुए बम विस्फोटों के बाद जारी हिंसा के मद्देनजर सरकार ने  फेसबुक, व्हाट््स अप और वाइबर जैसी सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर अस्थायी रूप से प्रतिबंध लगा दिया है। सरकारी सूचना विभाग ने कहा कि यह प्रतिबंध कुछ समय के लिए प्रभावी होगा। विभाग के अनुसार यह प्रतिबंध रविवार को कई क्षेत्रों में झूठे प्रचार के बाद फैली अशांति का मुकाबला करने के उद्देश्य से लगाया गया है। स्थानीय मीडिया ने चिलाव शहर में दो समुदायों के बीच तनाव बढ़ने की खबर दी थी। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने से यह तनाव उत्पन्न हुआ। पुलिस ने टिप्पणी पोस्ट करने वाले को हिरासत में लिया और शहर में सोमवार को छह बजे तक कर्फ्यू लगा दिया। रक्षा सचिव जनरल शांता कोटेगोडा ने सुरक्षा के खतरे से संबंधित किसी भी जानकारी को सोशल मीडिया पर साझा किए बिना सुरक्षा अधिकारियों से तुरंत संपर्क करने का आग्रह किया है। श्री कोट्टेगोड़ा ने कहा,‘‘ जानकारी गलत है या सही है, हम उसकी जांच करेंगे लेकिन अगर नागरिक आंतरिक सुरक्षा के खतरे वाली जानकारी सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम से साझा करते हैं, तो इससे आतंक और अशांति फैल सकती है।

 

 

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App