संसद में चमकेंगे सितारे

By: May 25th, 2019 12:03 am

मुंबई – लोकसभा के महासंग्राम में इस बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस समेत कई राजनीतिक दलों ने फिल्मी सितारों पर दांव लगाया, जिनमें से कई संसद तक पहुंचने में कामयाब हुए। मथुरा में भाजपा की सीट पर हेमा मालिनी ने अपने प्रतिद्वंदी जयंत चौधरी को उनके गढ़ में तीन लाख से ज्यादा वोटों से हराया। वहीं, सनी दियोल ने पंजाब की गुरदासपुर सीट से भाजपा की टिकट पर कांग्रेस के सुनील कुमार जाखड़ को शिकस्त दे दी। केंद्रीय मंत्री और जाने-माने पार्श्वगायक बाबुल सुप्रियो ने बांकुरा सीट से निवर्तमान सांसद और तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी मुनमुन सेन को करीब दो लाख वोट से पराजित किया। भाजपा के टिकट पर केंद्रीय मंत्री और छोटे पर्दे की मशहूर अभिनेत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को मात दे दी। चंडीगढ़ से निवर्तमान सांसद किरण खेर ने कांग्रेस के दिग्गज नेता पवन कुमार बंसल को पराजित किया। भोजपुरी के मेगास्टार रवि किशन ने कांग्रेस के मधुसूदन त्रिपाठी और सपा के रामभुआल निषाद को तीन लाख से अधिक मतों से पराजित कर जीत हासिल की। भोजपुरी सुपरस्टार गायक और अभिनेता मनोज तिवारी ने नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा की टिकट पर साढ़े तीन लाख वोट से अधिक मतों के अंतर से कांग्रेस की शीला दीक्षित को हराया। भाजपा की टिकट पर उत्तर पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट से जाने माने गायक हंस राज हंस चुनावी रणभूमि में उतरे और जीत हासिल की। वहीं, भाजपा की टिकट पर जया प्रदा ने रामपुर सीट पर समाजवादी पार्टी (सपा) के दिग्गज नेता आजम खां से हार झेली। अभिनेता चिराग पासवान ने एक बार फिर जमुई (सु) सीट से लोजपा की टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। भोजपुरी सिनेमा के एक और सुपरस्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ हाल ही में भाजपा में शामिल हुए, लेकिन सपा प्रत्याशी अखिलेश यादव ने निरुहुआ को ढ़ाई लाख से अधिक मतों के अंतर से पराजित कर दिया। कांग्रेस के शत्रुघ्न सिन्हा करीब दो लाख 85 हजार मतों से भाजपा के रवि शंकर प्रसाद से हार गए। शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा लखनऊ संसदीय सीट से केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से हारीं।

इनको कामयाबी

भाजपा के टिकट पर हेमा मालिनी, सनी दियोल, बाबुल सुप्रियो, स्मृति ईरानी, मनोज तिवारी, रवि किशन, किरण खेर, हंसराज हंस व लोजपा की टिकट पर चिराग पासवान जीते। टीएमसी की टिकट पर बांग्ला अभिनेत्रियां नुसरत, शताब्दी रॉय व मिमि चक्रबती जीतीं।

ये रहे फीके

टीएमसी की टिकट पर मुनमुन सेन, भाजपा की टिकट पर जया प्रदा व दिनेश लाल यादव निरहुआ, कांग्रेस की टिकट पर शत्रुघ्न सिन्हा, राज बब्बर व उर्मिला मातोंडकर, सपा की टिकट पर पूनम सिन्हा और प्रकाश राज निर्दलीय हारे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App