सरकाघाट भाजपा की बैठक में हंगामा

By: May 8th, 2019 12:05 am

सरकाघाट—लोकसभा चुनावों के बीच चुनाव प्रचार में जुटी सरकाघाट भाजपा की बैठक में ही मंगलवार को हंगामा हो गया। मंडल भाजपा की मंगलवार को हुई बैठक में जहां गुटबाजी सामने आई, वहीं हंगामे के चलते सरकाघाट के विधायक कर्नल इंद्र सिंह को भी बैठक छोड़ कर जाना पड़ा। बैठक में हंगामा इतना बढ़ गया कि इसके बाद मंडल भाजपा ने सरकाघाट भाजयुमो अध्यक्ष एवं  बीडीसी चेयरमैन आशीष कुमार को ही छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया। जानकारी के अनुसार बैठक शुरू होने के बाद आशीष कुमार व कुछ अन्य लोगों ने इस बात को लेकर कड़ी आपत्ति जताई कि पार्टी में पुराने कार्यकर्ताओं की जगह कांग्रेस से आए लोगों को ज्यादा तरजीह विधायक द्वारा दी जा रही है। बैठक में कुछ कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि डेपुटेशन में आए इन कांग्रेसियों ने विधायक की आंखों पर पट्टी बांध दी है और विधायक को अपने चंगुल में घेर लिया है। जिसके बाद कुछ अन्य लोग भी बैठक में भड़क गए और दो तरफ से हंगामा हो गया। वहीं पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि बदलियां व टेंडर भी इन्हीं कांग्रेसियों के पास है। विधायक के डीईओ नोट भी इन्हीं के बोलने पर बनाए जा रहे हैं, जिससे आम कार्यकर्ताओं में रोष फैला हुआ है। कार्यकर्ताओं ने बैठक में साफ कहा कि अगर ऐसा ही चलता रहा तो भाजपा का सरकाघाट में पूर्व की भांति हश्र होगा। बैठक में हंगामे के दौरान हालांकि विधायक लोगों को शांत करवाते रहे और उन्होंने नाराज कार्यकर्ताओं से कमरे में बैठकर बात करने को भी कहा, लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने, जिसके बाद विधायक कर्नल इंद्र सिंह अपने आप ही बैठक कक्ष छोड़कर बाहर निकल आए। उधर, मंडलाध्यक्ष रूप लाल रतन ने हंगामे की बात को निराधार बताते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का आपसी टकराव हुआ था, जिन्हें मिल बैठकर बात रखने व बैठक के बजाय पार्टी कार्यालय में आने को कहा गया, लेकिन वे नहीं माने, जबकि विधायक के अन्य जगहों पर कार्यक्रम थे, इसलिए उन्हें बैठक से जाना पड़ा।

छह साल के लिए किए पार्टी से बाहर

भाजपा मंडल अध्यक्ष रूपलाल रतन ने बताया कि भारतीय जनता युवा मोर्चा सरकाघाट के अध्यक्ष आशीष कुमार को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते छह वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि भाजयुमो अध्यक्ष लंबे समय से पार्टी विरोधी काम कर रहे थे। बता दें कि आशीष कुमार भाजयुमो के अध्यक्ष होने के साथ ही वर्तमान में सरकाघाट बीडीसी के चेयरमैन भी हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App