ससुर ने लूटी बहू की आबरू

By: May 27th, 2019 12:02 am

भराड़ी में पेश आया वाकया, विवाहिता ने की पुलिस से शिकायत

 भराड़ी —भराड़ी पुलिस थाना क्षेत्र के तहत विवाहिता के साथ दुराचार हुआ है। विवाहिता का आरोप है कि उसी के ससुर ने यह घिनौना कृत्य किया है। हालांकि पति और सास को इससे अवगत कराने के बावजूद उन्होंने चुप्पी साधे रखी। पहले तो वह भी लोक-लाज के कारण चुप रही, लेकिन परिजनों ने भी जब उसकी बात नहीं सुनी, तो उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत पर आईपीसी की धारा 376 और 354ए के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। विवाहिता के अनुसार उसके मायके हमीरपुर के भोरंज क्षेत्र में हैं। उसकी शादी जुलाई, 2018 में भराड़ी थाना क्षेत्र के तहत डंगार के एक गांव में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही ससुर ने उसके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। कुछ दिन बाद वह अपने पति व ससुर के साथ खेतों में काम कर रही थी। ससुर ने उसके पति को पेड़ काटने के काम पर लगा दिया और उसे वहां से दूर ले जाकर उसके साथ जबरन दुराचार कर दिया। जब उसने अपने पति को घटना से अवगत करवाया तो उसने कुछ नहीं कहा। उसने सास से भी इस बारे में बात की, लेकिन सास ने उसकी बात नहीं मानी। कुछ दिन बाद जब वह अपने कमरे अकेली थी, तो उसी दौरान ससुर ने एक बार फिर उसके साथ जबरदस्ती की। पति के घर आने पर जब उसने आपबीती सुनाई तो उसने सबूत देने को कहा। अभी कुछ दिन पहले ससुर ने एक बार फिर से उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद विवाहिता ने मायके में फोन किया और सारी बात बताई। बाद में उसके मायके वाले पंचायत लेकर ससुराल आए। ससुरालियों ने भी पंचायत बुला ली, लेकिन कोई लिखित कार्रवाई करने के बजाय दोनों पंचायतों ने उसे मायके भेजने का निर्णय सुना दिया। अब विवाहिता ने पुलिस ने इनसाफ की गुहार लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उधर, एसएसपी अशोक कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच के लिए महिला थाना से पुलिस भेजी जा रही है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App