सिलेंडर फटा, पिता-पुत्री की मौत

सरकाघाट के भद्रवानी में वारदात, स्लेटपोश मकान भी चढ़ा आग की भेंट

बलद्वाड़ा, पटड़ीघाट-उपमंडल सरकाघाट की कस्मैला पंचायत के भद्रवानी में  दोमंजिला स्लेटपोश मकान में सिलेंडर फटने से दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मेहर चंद पुत्र मेघू राम (62) और  दिव्यांग अविवाहित बेटी ममता देवी (35) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार घर के सभी लोग प्रातः 4ः30 बजे के करीब उठ गए थे। रोजमर्रा की तरह मेहर चंद ने अपनी पत्नी को चाय बनाने के लिए कहा। पत्नी ने गैस ऑन कर कहीं चली गई। इतने में ही सिलेंडर ने आग पकड़ ली और खिड़की के पास बैठी हुई उसकी बेटी ने शोर मचाया। उस समय मेहर चंद   घर के पास ही टहल रहा था और वह घर के अंदर की ओर दौड़ा। जब वह रसोईघर पंहुचा तो उसने देखा कि सिलेंडर ने आग पकड़ ली थी। मेहर चंद ने आग को बुझाने का प्रयास किया, लेकिन एकाएक सिलेंडर ब्लास्ट हो गया और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद पंचायत प्रधान रामदास व उपप्रधान लेखराज को घटना की सूचना दी गई। गांव वालों ने घर के अंदर जाने का प्रयास किया, लेकिन जलते हुए मकान के अंदर वे नही जा सके। इसी बीच पंचायत प्रधान ने हटली थाना प्रभारी और सरकाघाट में फायर ब्रिगेड को भी सूचित किया। पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई और गांव वालों के साथ आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक सभी कुछ जलकर राख हो गया था। पंचायत प्रधान रामदास के अनुसार करीब 20 लाख रुपए की क्षति होने का अनुमान है। डीएसपी चंद्रपाल सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों शवों का अस्पताल सरकाघाट में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। राजस्व विभाग के कर्मचारी भी क्षति का आकलन कर रहे हैं। एसडीएम बालकृष्ण चौधरी ने बताया कि पीडि़त परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।