सीएम के पास पहुंचा रामपुर भाजपा की जीत का जश्न

By: May 25th, 2019 12:10 am

रामपुर बुशहर—रामुपर भाजपा ने जबरदस्त लीड लेकर अपने कद को काफी ऊंचा कर दिया है। कांग्रेस के गढ़ में इस लंबी छलांग लगाकर भाजपा गदगद है। इस खुशी को रामपुर भाजपा ने शिमला जाकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से सांझा किया। इस दौरान पूरा रामपुर भाजपा मंडल व अन्य नेता मौजूद रहे। ढोल नगाड़ों की थाप से रामपुर भाजपा ने जीत का जश्न मुख्यमंत्री के आवास पर मनाया। इस दौरान भाजपा मंडलअध्यक्ष शशिभूषण श्याम, पूर्व मंत्री सिंघीराम, पीएस द्रैक, बृजलाल सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी रामपुर भाजपा के कार्यकर्ताओं से गर्मजोशी के साथ मिले। उन्होंने इस जीत पर सभी को बधाई दी और इसी जोश को आगे भी बरकरार रखने की बात कही। इस दौरान रामपुर से गए भाजपा कार्यकर्ताओं ने नाटी लगाकर अपनी खुशी का इजहार किया। जानकारी के मुताबिक इस बार भाजपा को रामपुर विस के कुल मतदान का 55 फीसदी वोट मिला। जबकि अपने गढ़ का दम भरने वाली कांगे्रस को यहां पर कुल मतदान के मात्र 33 फीसदी मत पड़े। ऐसे में न केवल कांग्रेस यहां से हारी बल्कि उनकी गत वर्षों की लीड में 44 फीसदी तक गिरावट आई। ये ही कारण है कि भाजपा जहां प्रदेश व देश में रिकार्ड जीत से गदगद है वहीं रामपुर में कांग्रेस के अभेदय गढ़ को गिराकर उत्साहित है। इस दौरान रामपुर से भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश सचिव सुषमा मखैक, महिला मोर्चा अध्यक्षा अनु पोंेड, राजेश्वरी शुक्ला, पार्षद साधना भी इस मौके पर मौजूद रही। भाजपा मंडलअध्यक्ष शशिभूषण श्याम ने कहा कि ये जीत आम आदमी की जीत है। अब इस जीत के बाद रामपुर भाजपा की जिम्मेवारियां और भी बढ़ जाती है। अब इस लीड को न केवल भाजपा बरकरार रखेगी बल्कि इसे और बढ़ाने का प्रयास करेगी। ताकि रामपुर को कांग्रेस मुक्त कर सके। उन्होंने कहा कि जल्द ही रामपुर में इस जीत का बड़ा जश्न मनाया जाएगा। जिसमें मंडी सीट से जीते सांसद रामस्वरूप शर्मा भी मौजूद रहेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App