सीएम ने कांग्रेस पर बोला हमला

कुल्लू —मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ऐसी पार्टी है, जिसे मातृभूमि की रक्षा के लिए सीमाओं पर तैनात जवानों की कार्रवाई पर विश्वास नहीं है। मुख्यमंत्री मंगलवार को मंडी संसदीय क्षेत्र के तहत त्रांबली (खराहल घाटी) क्षेत्र में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पुलवामा में हुए आतंकी हमले में देश के कई जवान शहीद हुए थे। उसके जवाब में सेना ने पाकिस्तान की भूमि पर आतंकवादी संगठन के अड्डों पर एयर स्ट्राइक किया, जिसमें कई आतंकवादी ढेर हुए। इस कार्रवाई से पूरा देश गौरवान्वित हुआ, लेकिन कांग्रेस ने इस घटना को राजनीतिक करार दिया। कांग्रेस के नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से एयर स्ट्राइक का सुबुत मांग रहे हैं। इससे देशवासियों एवं जवानों को काफी ठेस पहुंची है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस देशद्रोहियों को मजबूत और सेना की शक्तियों को कम करना चाहती है। यह कांग्रेस के घोषणा पत्र से स्पष्ट होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में सेना और राष्ट्र को मजबूत करने के वादे किए हैं। इसके साथ ही गरीबों एवं आमजन के कल्याण के लिए ऐतिहासिक घोषणाएं की हैं। वहीं कांग्रेस ने ऐसा घोषणा पत्र जारी किया है जो राष्ट्र हित में नहीं है। ऐसे में जाहिर है कि कांग्रेस देशहित नहीं बल्कि सत्ता हासिल करना चाहती है। उन्होंने कहा कि उज्ज्वल भारत के निर्माण के लिए मोदी सरकार की फिर से आवश्यकता है। मोदी सरकार ने अपने पांच वर्ष के कार्यकाल के दौरान देश को नई ऊंचाई तक पहुंचाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की अलग पहचान बनी है। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ गलत बयानबाजी करके जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। मोदी सरकार ने सभी वर्गों के लिए ऐतिहासिक योजनाएं शुरू की हैं। इन योजनाओं से देश के करोड़ों परिवार लाभान्वित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनता से आग्रह किया कि मंडी संसदीय क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा को लोकसभा चुनाव में भारी मतों से जीत दिलाएं।  इस अवसर पर वन मंत्री गोविंद ठाकुर सहित पार्टी पदाधिकारी कार्यकर्ता व अन्य उपस्थित रहे।