सुंदरनगर में जोश भरेंगी प्रियंका

By: May 13th, 2019 12:05 am

ठियोग दौरा कैंसिल, एसपीजी ने पोटेटो ग्राउंड में सुरक्षा कारणों से रद्द किया कार्यक्रम

शिमला सुरक्षा कारणों से प्रियंका गांधी वाड्रा का ठियोग आने का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। एसपीजी ने ठियोग के आलू मैदान जहां प्रियंका गांधी की रैली रखी गई थी, को सुरक्षा के लिहाजा से ठीक नहीं माना है, लिहाजा उन्होंने इन्कार कर दिया और उनके इन्कार करने के साथ ही यहां प्रियंका गांधी का कार्यक्रम भी रद्द हो गया है। प्रियंका गांधी अब 14 मई को सुंदरनगर के जवाहर पार्क में जनसभा करेंगी। कांग्रेस चाहती थी कि ठियोग विधानसभा क्षेत्र में ही छाराबड़ा में प्रियंका गांधी का अपना आशियाना बना है लिहाजा यहां ही उनकी रैली करवाई जाए। इसके साथ ठियोग प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर का भी गृह क्षेत्र है, जो खुद भी यह चाहते थे कि प्रियंका गांधी उनके एरिया में आएं। बता दें कि अभी तक कांग्रेस की केवल राहुल गांधी की एक रैली ऊना में ही हो सकी है, जिसके अलावा 17 मई को उनका सोलन आने का कार्यक्रम है। यहां केवल राहुल गांधी की दो रैलियां होंगी और इससे वह सभी लोकसभा क्षेत्रों तक नहीं पहुंच पाएंगे। मंडी और कांगड़ा में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं का अभी तक नहीं पहुंचना वहां के प्रत्याशियों की धुकधुकी बढ़ा रहा है, जो लोगों से वादा कर चुके हैं कि उनके बीच राष्ट्रीय नेता पहुंचेंगे। यहां कांग्रेस के प्रदेश के नेताओं की दूरदर्शिता और उनके अनुभव की कमी भी साफ झलक रही है, जिन्होंने स्टार प्रचारकों की लंबी चौड़ी सूची तो तैयार की, लेकिन अभी तक किसी को भी यहां नहीं ला पाए। आने वाले दिनों में नवजोत सिंह सिद्धू, गुलाम नबी आजाद व अमरिंद्र सिंह के कार्यक्रम भी रखे गए हैं, लेकिन यह भी तय नहीं है। सिद्धू को पिछली बार भी लाने की खासी कोशिशें की गई, लेकिन वह नहीं आए और अभी भी उनका आना तय नहीं है। ऐसे में कांग्रेस बिना स्टार प्रचारकों के ही यहां चल रही है। वहीं, भाजपा की ओर से स्टार प्रचारकों के कई कार्यक्रम हो चुके हैं और आने वाले तीन-चार दिन में यहां काफी लोग अलग-अलग जगह प्रचार के लिए उतरेंगे।

ठियोग में रैली जरूर होगी

कांग्रेस पार्टी के अनुसार ठियोग में बेशक प्रियंका गांधी का कार्यक्रम रद्द हुआ है, लेकिन यहां कांग्रेस की रैली जरूर होगी। इस रैली में वीरभद्र सिंह, आनंद शर्मा व रजनी पाटिल रहेंगी। हालांकि लोगों में प्रियंका गांधी को देखने का खासा क्रेज था और माना जा रहा था कि इस रैली में बड़ी भीड़ होती, परंतु अब शायद ही ऐसा हो पाएगा। इससे लोगों को भी निराशा हाथ लगी है।

14 मई को उतरेगा जहाज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंडी में हुई विजयी संकल्प रैली के बाद कांग्रेस सुंदरनगर में जवाबी रैली करने जा रही है। कांग्रेस की स्टार प्रचारक और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी मंडी संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी आश्रय शर्मा के लिए सुंदरनगर में 14 मई को जनसभा करेंगी। यह जनसभा सुंदरनगर के जवाहर पार्क में होगी। जवाहर पार्क में प्रियंका गांधी की जनसभा दस बजे से शुरू होगी और पूरे संसदीय क्षेत्र से लोगों को जनसभा में बुलाया गया है, वहीं प्रियंका गांधी पहली बार मंडी जिला आ रही है, जिसे लेकर कांग्रेस भी जोरदार तैयारियों में लगी हुई है। इस जनसभा के लिए प्रियंका हेलिकॉप्टर के माध्यम से पॉलिटेक्नीक कालेज के खेल मैदान में पहुंचेगी। जहां से खुली जीप में रोड शो के माध्यम से जवाहर पार्क पहुंचेंगी और एक विशाल जनसभा को संबोधित करेगी। एआईसीसी के सदस्य एवं पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर ने यह जानकारी दी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App