सुखराम पहले बेटे और अब पोते के लिए रो रहे

By: May 12th, 2019 12:06 am

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का निशाना, पूर्व केंद्रीय मंत्री को निजी स्वार्थ की राजनीति पर चुकानी होगी बड़ी कीमत

चंबा – मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखराम पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले वह बेटे के लिए रोए और अब पोते के लिए रो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री को परिवारवाद व निजी स्वार्थ की राजनीति की चुनावों में बड़ी कीमत चुकानी होगी। भाजपा विकास के मुददे पर चुनाव लड़ रही है और विकास के नाम पर वोट हासिल कर प्रदेश की चारों सीटों पर जीत दर्ज करेगी। सीएम शनिवार को चंबा के ऐतिहासिक चौगान में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा गठबंधन चुनावों में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर दोबारा से केंद्र की सत्ता संभालेगा और नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री की कुर्सी पर विराजमान होकर देश को विकास की एक नई राह पर ले जाएंगे। देश व प्रदेश में भाजपा के पक्ष में लहर चल रही है। भाजपा के विकास की आंधी के आगे कांग्रेस व उसके सहयोगी दल औंधे मुंह गिरेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का केंद्र की सत्ता पर काबिज होने का सपना पूरा नहीं हो पाएगा। प्रदेश में कांग्रेस की हालत खिसयानी बिल्ली खंभा नोचे जैसी होकर रह गई है। कांग्रेस के पास चुनावों में कोई मुद्दा नही हैं। कांगड़ा के नगरोटा बगवां में कांग्रेस की शराब पार्टी के वीडियो वायरल होने पर सीएम ने कहा कि इससे कांग्रेस का चरित्र व कल्चर सामने आया है। उन्होंने चंबा को प्रदेश कैबिनेट में स्थान को लेकर पूछे सवाल पर कहा कि यह लोकसभा चुनावों में जिला की पारफार्मेंस के बाद तय होगा। इस मौके पर प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष डा. राजीव भारद्वाज व सदर विधायक पवन नैयर भी मौजूद रहे।

चंबा— शनिवार को चौगान में रैली स्थल का जायजा लेते मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह रविवार को यहां जनसभा को संबोधित करेंगे

खराब मौसम ने रोका सीएम का हेलिकाप्टर

कुल्लू  – मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की लाहुल-स्पीति के केलांग में होने वाली दूसरी जनसभा में मौसम ने शनिवार को बाधा डाल दी। हालांकि मुख्यमंत्री देर तक मौसम के साफ होने के इंतजार करते रहे, लेकिन फिर भी मौसम का साथ न मिलने पर मुख्यमंत्री शनिवार को लाहुल नहीं पहुंच सके। मुख्यमंत्री सुबह भुंतर से केलांग के लिए रवाना हुए, लेकिन खराब मौसम और तेज हवाओं के कारण हेलिकाप्टर आगे नहीं जा पाया और आधे रास्ते से ही वापस लौट आया। मुख्यमंत्री काफी देर तक भुंतर एयरपोर्ट पर रुके रहे। इस दौरान उन्होंने रामस्वरूप शर्मा, बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी सहित भाजपा के पदाधिकारियों के साथ दोपहर का भोजन भी भुंतर में निजी होटल में ग्रहण किया। दूसरे प्रयास में हेलिकाप्टर रोहतांग से वापस आ गया। तेज हवाओं के कारण हेलिकाप्टर रोहतांग से पार नहीं जा पाया। बताया जा रहा है कि अब मुख्यमंत्री सीधे ही चंबा का रुख करेंगे, वहीं लाहुल मौसम खराब न होने के चलते दूरभाष पर ही मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित किया। रविवार को चंबा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की रैली होनी है। मुख्यमंत्री रैली की तैयारियों का जायजा लेंगे व पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App