सोना 135 रुपए सस्ता

By: May 16th, 2019 12:06 am

नई दिल्ली – वैश्विक स्तर पर दोनों कीमती धातुओं में रही तेजी के बीच ऊंचे भाव पर खुदरा जेवराती मांग कमजोर पड़ने से बुधवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 135 रुपए लुढ़ककर 33260 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। चांदी भी 100 रुपए की गिरावट में 38200 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। लंदन एवं न्यूयार्क से जानकारी के अनुसार सोना हाजिर 0.80 डालर की तेजी में 1297.30 डालर प्रति औंस पर पहुंच गया। जून का अमरीकी सोना वायदा 1.20 डालर चमककर 1297.50 डालर प्रति औंस बोला गया। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि अमरीका-चीन विवाद के कारण वैश्विक बाजारों में पीली धातु की मांग बनी हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में चांदी हाजिर 0.05 डालर की तेजी के साथ 14.81 डालर प्रति औंस के भाव बिकी। वैश्विक तेजी के बावजूद खुदरा जेवराती मांग कमजोर पड़ने से सोना स्टैंडर्ड 135 रुपए सस्ता होकर 33260 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। सोना बिटुर भी इतनी ही गिरावट के साथ 33090 रुपए प्रति दस ग्राम के भाव बिका। आठ ग्राम वाली गिन्नी  26500 रुपए पर टिकी रही। चांदी हाजिर 100 रुपए की गिरावट में 38200 रुपए प्रति किलोग्राम पर बिकी। चांदी वायदा 50 रुपए की गिरावट में 37510 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App