हिमाचल की चारों सीटें जीतेगी भाजपा

By: May 14th, 2019 12:02 am

सोलन —शिमला संसदीय क्षेत्र के तहत सोलन में हुई प्रधानमंत्री की विजयी संकल्प रैली में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।  इस दौरान उनके निशाने में कांग्रेसी नेता रहे। उन्होंने कहा कि वह चुनाव के दौरान 62 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा के पक्ष में माहौल बना हुआ है और प्रदेश भाजपा प्रधानमंत्री मोदी की झोली में चारों सीटें डालने वाली है। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि घर-घर, गांव-शहर में लोग मोदी जाप कर रहे हैं। इस बात से कांग्रेस नेता परेशान है आहत है। चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस के नेता चुनाव प्रचार में निकलते हैं तो हर चौराहे पर मोदी की लोकप्रियता से दुखी है। जय राम ठाकुर ने कहा कि जब कांग्रेसियों के सामने इस प्रकार की स्थिति आती है तो थक हारकर सोचते हैं कि जाएं तो जाए कहां जाएं।  उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को अब बच्चा-बच्चा जानता है, लेकिन वही बच्चा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को पप्पू नाम से जानता है। जय राम ठाकुर ने  कहा कि 5 साल पहले देश को सम्मान की दृष्टि से नहीं देखा जाता था, पर अब मोदी ने हालात ऐसे बदले कि विश्व के नेता उनसे मिलने को उत्सुक रहते हैं।  जयराम ठाकुर ने कहा कि भारत को दुनिया के मानचित्र पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहचान दिलाई है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि  19 मई को अधिक से अधिक संख्या में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करें, ताकि देश की रक्षा सुरक्षित हाथों में रहे। 

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App