हिमाचल में फिल्म सिटी की तैयारियां

By: May 16th, 2019 12:01 am

विशेष पॉलिसी बना रही प्रदेश सरकार, फिल्मकारों को मिलेंगी खास रियायतें

शिमला – हिमाचल प्रदेश में फिल्म सिटी बनेगी। जयराम सरकार ने यहां फिल्मकारों को  विशेष रियायतें देकर रिझाने की सोची है। इसके लिए एक विशेष पॉलिसी अलग से बनाई गई है, जिसके ड्राफ्ट को अंतिम रूप दिया जा रहा है। हिमाचल की नैसर्गिक सुंदरता पहले भी  रूपहले पर्दे पर बिखर चुकी है। पहाड़ की सुंदरता को फिल्मकार पसंद करते हैं और यहां की हसीन वादियां कई मशहूर फिल्मों में कैद हो चुकी हैं। अभी भी गाहे-बगाहे यहां पर फिल्मी दुनिया से जुड़े लोग आते हैं और सरकार से यहां पर फिल्म सिटी के निर्माण की बात करते हैं। ऐसे कई बड़े कलाकारों के प्रस्तावों को ध्यान में रखकर प्रदेश की जयराम सरकार फिल्मकारों के लिए अलग से पॉलिसी बना रही है। इसमें यहां फिल्म सिटी के निर्माण में मदद करने वालों को रियायतें दी जाएंगी, जो आज तक नहीं दी गई हैं। सूत्रों के अनुसार इस पॉलिसी को बनाने के लिए कई बड़े कलाकारों से बातचीत हुई है वहीं, हिमाचल के भी कई लोग हैं, जो कि लघु फिल्मों का निर्माण करते हैं। इन सभी के सुझावों को लेकर पॉलिसी का ड्राफ्ट बनाया जा रहा है, जिस पर बुधवार को मुख्य सचिव बीके अग्रवाल के साथ अधिकारियों ने चर्चा की। यह प्रयास भी प्रदेश में निवेश लाने के मकसद से ही किया जा रहा है। इसके साथ आयुष पॉलिसी पर भी विचार किया गया जो कि आयुर्वेद व मेडिसनल प्लांट्स के क्षेत्र में काम करने वाली कंपनियों से जुड़ी है। इन कंपनियों को यहां पर बेहतर सुविधाएं प्रदान कर सरकार चाहती है कि निवेश बढ़े। कई नामी कंपनियों ने इसके लिए प्रदेश में निवेश की इच्छा भी जताई है, वहीं विदेशी कंपनियों से भी इस क्षेत्र में बातचीत चल रही है।

अरसे से उठती रही है मांग

हिमाचल प्रदेश के कई नामी कलाकार फिल्म जगत में अपनी पैठ रखते हैं। अनुपम खेर किसी पहचान के मोहताज नहीं है, जो कि शिमला के रहने वाले हैं। उन्होंने अपने शिमला दौरों के दौरान यहां पर फिल्म सिटी के निर्माण में सरकार को मदद का भरोसा दिलाया था। इसके अलावा प्रीति जिंटा, कंगना रणौत, मोहित चौहान, स्वर्गीय मनोहर सिंह, प्रेम चोपड़ा, परिक्षित साहनी जैसे कई नाम हैं। यह लोग बार-बार हिमाचल को फिल्मी पर्दे पर लाने में मदद की बात करते आए हैं। ऐसे सभी लोगों के सुझाव लेकर फिल्म पॉलिसी का ड्राप्ट तैयार किया गया है, जिसे अंतिम रूप दिया जाना है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App