हिमाचल में 25 जून तक आएगा मानसून

By: May 25th, 2019 12:15 am

मौसम विभाग का पूर्वानुमान; पहाड़ों पर 27 मई तक मौसम खराब, राज्य में बारिश से लुढ़का पारा

शिमला  – हिमाचल प्रदेश मानसून सामान्य समय यानी 25 जून तक ही आएगा। हालांकि राज्य में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम के मिजाज रौद्र बने हुए हैं। पश्चिमी विक्षोभ के चलते राज्य में बारिश और तूफान का सिलसिला चला हुआ है। मौसम विभाग की मानें, तो राज्य में मानसून तय समय पर ही आएगा। हिमाचल प्रदेश में गत वर्ष मानसून 25 जून तक आया था। मौजूदा साल में भी 25 तारीख तक ही मानसून के दस्तक देने की संभावना जताई जा रही है। हिमाचल में शुक्रवार को भी मौसम खराब बना रहा। राज्य के अधिकाशं क्षेत्रों में सुबह के समय बारिश रिकार्ड की गई। पहाड़ों पर दिन के समय भी रुक-रुक कर बारिश होती रही। इस दौरान राज्य के कुछ स्थानों पर हल्का तूफान भी चला, जिससे तापमान में फिर से गिरावट आई है। बारिश से अधिकतम तापमान में एक से आठ डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। चंबा के अधिकतम तापमान में सबसे अधिक आठ डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। इसके अलावा कल्पा मे ंसात, डलहौजी में पांच, सोलन, नाहन व भुंतर में चार डिग्री तक तापमान गिरा है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और सुंदरनगर के अधिकतम तापमान में गत गुरुवार के मुकाबले एक से तीन डिगी का उछाल आया है। न्यूनतम तापमान में भी एक से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट रिकार्ड की गई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि पहाडों पर मौसम 27 मई तक खराब बना रहेगा, जबकि  मैदानी इलाकों में 27 मई से मौसम साफ बना रहेगा। उन्होंने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य में बारिश व मौसम खराब चल रहा है। हिमाचल में मानसून तय समय यानी 25 जून तक ही आएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App