हिल्सक्वीन…मिनिमम टेंपरेचर 10 डिग्री

By: May 12th, 2019 12:04 am

शिमला में उमड़े सैलानी, होटलों में 80 से 85 फीसदी तक पहंुची ऑक्यूपेंसी

शिमला –हिल्सक्वीन वीकेंड पर सैलानियों से गुलजार रही। शहर सहित ऊपरी शिमला के प्रमुख पर्यटक स्थलों पर सैलानियों की भारी चहल-पहल रही। जिला शिमला में भारी संख्या में सैलानियोंं के उमड़ने से वीकेंड़ पर होटलों की आक्यूपेंसी 80 से 85 फीसदी तक पहुंच गई है, जिसे देखकर पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल गए हैं। वीकेंड पर शिमला में सैलानियों की भारी तादाद रिकॉर्ड की गई। वीकेंड सेलिब्रेशन के लिए बाहरी राज्यों से सैलानी बीते शुक्रवार ही शिमला पहुंचने शुरू हो गए थे। शनिवार को भी बाहरी राज्यों से शिमला में काफी सैलानी पहुंचे हैं। शिमला के साथ-साथ ऊपरी शिमला के प्रमुख पर्यटक स्थलों में भी काफी संख्या में सैलानी पहुंचे हैं। सैलानियों के उमड़ने से जिला शिमला के प्रमुख पर्यटक स्थलों सहित धार्मिक स्थलों में खूब चहल-पहल देखी गई। इस दौरान शिमला में सैलानियों को खुशनुमा मौसम का भरपूर लुत्फ उठाते हुए देखा गया। शिमला में बीते शुक्रवार शाम के समय तेज तूफान चलने के साथ हल्की बूंदाबांदी भी हुई। शिमला में शनिवार को भी मौसम खराब बना रहा और दिनभर ठंडी हवाएं चलती रहीं, जिससे शिमला के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में एकाएक भारी गिरावट आई। शिमला का न्यूनतम तापमान लुढ़क कर 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। तापमान में गिरावट आने के बाद शिमला में मौसम खुशनुमा बना हुआ है, जो सैलानियों कोे खूब लुभा रहा है। होटल ऐसोसिएशन शिमला के अध्यक्ष संजय सूद ने बताया कि वीकेंड़ पर शिमला में काफी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं। वीकेंड़ पर होटलों में आक्यूपेंसी 80 से 85 फीसदी तक रिकॉर्ड की गई है।

15 मई के बाद रफ्तार पकड़ेगा सीजन

जिला शिमला में 15 मई के बाद समर सीजन के रफ्तार पकड़ने की उम्मीदें लगाई जा रही हैं। मैदानी इलाकों में गर्मी का प्रकोप बढ़ते ही सैलानी हिल्सक्वीन का रुख कर देते हैं। शिमला में मई के मध्य से जुलाई के पहले सप्ताह के दौरान काफी संख्या में सैलानी पहुंचते हैं। वीकेंड पर शिमला में सैलानियों के उमड़ने से शहर में सुबह व शाम के समय जाम की स्थिति बनी रही।

शहर में सुबह-शाम लग रहीं वाहनों की कतारें

सैलानियों के उमड़ने से शहर में वाहनों का भार बढ़ गया था, जिससे शहर की सकंरी सड़कों पर जाम लगता रहा, जो शिमला की स्थानीय जनता के लिए आफत बना दिखा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App