हुड्डा की दावेदारी पर संकट

By: May 24th, 2019 12:01 am

कांग्रेस की हार से हाईकमान हरियाणा में बदलाव को तैयार

चंडीगढ़ –लोकसभा चुनावों के बाद हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष की विदाई तय है। वर्ष 2014 में डा. अशोक तंवर के हरियाणा कांग्रेस की कमान संभालने के बाद चुनावी समर में पार्टी की हार का जो सिलसिला शुरू हुआ था, वह मौजूदा लोकसभा चुनावों में भी नहीं थम पाया। रोहतक लोकसभा सीट को छोड़ दें तो पार्टी कहीं पर भी भाजपा प्रत्याशियों को तगड़ी चुनौती नहीं दे पाई है। बता दें कि अशोक तंवर द्वारा फरवरी 2014 में हरियाणा कांग्रेस के 19वें प्रधान के रूप में कुर्सी संभालने के तुरंत बाद लोकसभा चुनाव हुए, जिनमें पार्टी केवल रोहतक में ही जीत दर्ज कर सकी। हुड्डा परिवार के रसूख के चलते दीपेंद्र सांसद बनने में सफल रहे, जबकि नौ संसदीय क्षेत्रों में कांग्रेस प्रत्याशियों को बुरी तरह हार झेलनी पड़ी। इससे पहले वर्ष 2009 के संसदीय चुनावों में कांग्रेस दस में से नौ सीटों पर विजय पताका फहराने में सफल रही थी। तंवर के प्रदेश अध्यक्ष रहते कांग्रेस को विधानसभा चुनावों में भी करारी हार झेलनी पड़ी। लगातार दस साल सत्ता में रहने वाली कांग्रेस सिर्फ 17 विधायकों पर सिमट गई। फिर पंचायत चुनाव से लेकर पांच नगर निगमों और फिर जींद उपचुनाव में भी कांग्रेस हार से उबर नहीं पाई और पार्टी प्रत्याशी लगातार चुनाव हारते चले गए। इतना ही नहीं, संगठन के स्तर पर भी कांग्रेस पदाधिकारियों की अभी तक नियुक्तियां नहीं हो पाई हैं। हरियाणा कांग्रेस में यही वजह है कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा का खेमा लगातार तंवर को बदलने के लिए लगातार आलाकमान पर दबाव बनाए हुए हैं। हार की जिम्मेदारी हालांकि हुड्डा की भी उतनी ही है, जितनी तंवर की है, लेकिन इस हार के बाद अब भूपेंद्र सिंह हुड्डा के मुख्यमंत्री पद के दावे पर भी अंगुली उठनी तय है। दिग्गजों के चुनाव हारने के बाद हाईकमान अब कड़े फैसले लेने को मजबूर होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App