Sri Lanka Blast: आतंकी हमले के बाद श्रीलंका ने 200 मौलवियों को बाहर निकाला

By: May 5th, 2019 5:12 pm

कोलंबो – Sri Lanka Blast ईस्टर के मौके पर हुए सिलसिलेवार बम धमाकों के बाद श्रीलंका की सरकार ने कुल 600 विदेशी नागरिकों को निष्कासित कर दिया है। देश से बाहर निकाले गए इन लोगों में 200 मौलवी भी शामिल हैं। श्रीलंका के गृहमंत्री वाजिरा अबेवारदेना ने बताया कि इन मौलवियों ने कानूनी रूप से देश में प्रवेश किया था, लेकिन हमलों के बाद पाया गया कि ये लोग वीजा अवधि खत्म होने के बाद भी ठहरे, जिसके लिए इन पर जुर्माना भी लगाया गया था। बाद में इन्हें द्वीप से निष्कासित कर दिया गया। गृहमंत्री ने कहा कि देश में मौजूदा स्थिति को देखते हुए हमने वीजा प्रणाली की समीक्षा की है और धार्मिक उपदेशकों (मौलवियों आदि)  के लिए वीजा प्रतिबंधों को और कड़ा करने का फैसला किया है। जिन लोगों को निष्कासित किया गया है उनमें लगभग 200 मौलवी शामिल हैं। हालं‍कि, गृहमंत्री ने देश से निष्कासित किए गए लोगों की  राष्ट्रीयता के बारे में जानकारी नहीं दी है। हालांकि, पुलिस ने कहा है कि देश में हुए आत्मघाती हमलों के बाद पाया गया कि बांग्लादेश, भारत, मालदीव और पाकिस्तान से आए कई विदेशी विजा अवधि खत्म हो जाने के बाद भी ठहरे हुए थे। गृहमंत्री ने आगे कहा कि पिछले एक दशक से देखा जा रहा है कि देश में धार्मिक संस्थान विदेशी उपदेशकों को तवज्जो दे रहे हैं। हमें इससे कोई समस्या तो नहीं है लेकिन हाल के दिनों में कुछ धार्मिक संस्थान इस मामले में मश्‍ारूम की तरह सामने आए हैं। बता दें कि इससे पहले श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रिपाल सिरिसेन ने अपनी आपातकालीन शक्तियों का प्रयोग करते हुए बुर्का या नकाब पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया था। यह फैसला भी आत्मघाती हमलों के बाद सुरक्षात्मक कदम के तौर पर उठाया गया था। राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया था कि राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबंध लगाया गया है। किसी को भी चेहरा इस तरह से नहीं ढकना चाहिए कि उसकी पहचान मुश्किल हो।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App