अपग्रेड स्कूल में नहीं बैठने दीं कक्षाएं

नादौन कांग्रेस ने एचआरटीसी अध्यक्ष पर लगाए आरोप, सुक्खू की सौगात पर भाजपा ने डाला रोड़ा

नादौन-स्थानीय विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर भाजपा पर हमलावर कांग्रेस ने कहा कि एचआरटीसी उपाध्यक्ष के पद पर आसीन अग्निहोत्री को अपने गांव पनसाई का स्कूल ही फंक्शनल करा लेना चाहिए था। नादौन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद, पनसाई पंचायत प्रधान सुदेश बेगम, पूर्व बीडीसी चेयरमैन सुनील शर्मा बिट्टू, रजनीश, कैप्टन किस्मत सिंह, राम कुमार अग्निहोत्री, रामू, मनीष डोगरा, राजेश कुमार, सतपाल शर्मा, मेहर चंद, रतन चंद डोगरा, मोनू, मिंटी, रूमेल सिंह, सीता राम, कृष्ण लाल, मदन लाल, बिहारी लाल, मान चंद, जगदीश चंद और मस्त राम ने कहा कि वह तो विधायक रहते अपने गांव के स्कूल को दसवीं से बारहवीं तक अपग्रेड नहीं करा पाए, लेकिन सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष रहते पूर्व कांग्रेस सरकार में स्कूल को अपग्रेड करा दिया था। उन्होंने कहा कि अग्निहोत्री को इस बात का मलाल है कि उनका स्कूल सुक्खू ने कैसे अपग्रेड करा दिया। इसलिए ही उन्होंने आज तक स्कूल में बारहवीं तक कक्षाएं नहीं बैठने दीं। उन्होंने कहा कि विजय अग्निहोत्री बताएं कि वह दलगत राजनीति के चलते अपने क्षेत्र के साथ क्यों भेदभाव कर रहे हैं। चूंकि वह सरकारी पद पर आसीन हैं। इसलिए उन्हें राजनीति छोड़कर कम से कम अपने गांव का स्कूल फंक्शनल करा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि हथोल गांव के लिए सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पुल स्वीकृत कराया है। इसे उन्होंने विधायक रहते एससी कंपोनेंट में डलवाया था। पुल के लिए दो करोड़ की राशि भी सुक्खू ने ही मंजूर कराई। भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद पुल का शिलान्यास किए बिना काम इसलिए शुरू कर दिया चूंकि पट्टिका पर विधायक सुखविंद्र सुक्खू का नाम भी लिखना पड़ता। उन्होंने कहा कि अग्निहोत्री ने इससे बचने के लिए ही सीएम जयराम ठाकुर के हाथों पुल का शिलान्यास नहीं होने दिया। ग्रामीणों ने कहा कि हथोल व ग्वालपत्थर के बीच इस पुल के बनने से बारह गांवों के लोगों को फायदा होना है। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री बताएं नादौन के लिए वह कौन सा बड़ा प्रोजेक्ट लाए हैं। वह कांग्रेस के शासनकाल में स्वीकृत कामों का भूमि पूजन करने से ही काम चला रहे हैं।