अब गूगल मैप्स में नई सुविधा

By: Jun 5th, 2019 12:05 am

बस-ट्रेन के लाइव स्टेटस के साथ ऑटो रिक्शा स्टैंड तक की मिलेगी जानकारी

चंडीगढ़ – सार्वजनिक परिवहन लाखों भारतीयों के लिए जीवनरेखा का काम करता है। उनकी यात्राओं को अधिक कार्यकुशल और निर्बाध बनाने के लिए गूगल मैप्स ने मंगलवार से भारत में पहली बार तीन नई विशेषताएं पेश की हैं। इनके तहत गूगल मैप्स के उपयोक्ता लाइव ट्रैफिक से बस यात्रा समय देख सकेंगे।  रेलगाडि़यों से लाइव ट्रेन स्टेट्स पा सकेंगे और मिश्रित प्रकार के यात्रा सुझाव पा सकेंगे, जिसमें अब ऑटो रिक्शा और सार्वजनिक परिवहन शामिल हैं। भारत में पहली बार इन नई विशेषताओं की घोषणा करते हुए टायला हसबल्लाह प्रोडक्ट मैनेजर गूगल मैप्स ने कहा कि गूगल मैप्स का उपयोग दुनिया में हर कहीं एक बिलियन यात्रियों द्वारा उनकी दुनिया में आवागमन और खोजबीन करने के लिए उपयोग किया जाता है। गूगल में हम मानचित्रों में ऐसी विशेषताएं शामिल करने पर केंद्रित हैं, जो यात्रियों को अधिक उपयुक्त, सटीक, और विश्वसनीय अनुभव प्रदान कर सकें। वास्तव में ट्रांजिट नेविगेशन  भारत में एक सबसे लोकप्रिय मानचित्र विशेषता है। इसलिए ये नई विशेषताएं उपयोक्ताओं के लिए और अधिक मूल्यवान साबित होंगी। गूगल मैप्स अब उपयोक्ताओं को लाइव ट्रैफिक के आधार पर उनके बस यात्रा समय के बारे में बता सकता है। इसमें गूगल के लाइव ट्रैफिक डाटा, एआई तकनीक और सार्वजनिक बस समयसारिणी का उपयोग करके विलंब की गणना की जाती है और यात्रा समय के बारे में सटीक जानकारी दी जाती है। गूगल मैप्स अब रीयल टाइम लाइव ट्रेन स्टेट्स द्वारा उपयोक्ताओं को उनकी रेलगाडि़यों के आगमन समय के बारे में जानकारी दे सकता है। एंड्रायड के लिए गूगल मैप्स पर पब्लिक ट्रांसपोर्ट टैब अब उपयोक्ताओं को यह जानकारी देगी कि क्या वह यात्रा करना एक अच्छा विकल्प है। इसमें कितना समय लगेगा, उनको किस स्टेशन से कहां तक ऑटो रिक्शा करना चाहिए। वे रिक्शा मीटर अनुमान और उनके ट्रांजिट कनेक्शन से प्रस्थान समय भी देख सकते हैं। 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App