अमरीकी उत्पादों पर शुल्क बढ़ाएगा भारत

By: Jun 15th, 2019 12:02 am

नई दिल्ली –सरकार ने बादाम, अखरोट और दालों समेत 29 अमरीकी वस्तुओं पर जवाबी आयात शुल्क लगाने के फैसले पर आगे बढ़ने का फैसला किया है। इससे पहले सरकार इसे लागू करने की समयसीमा को कई बार बढ़ा चुकी है। सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि वित्त मंत्रालय बहुत जल्द इस बारे में अधिसूचना जारी करेगा। पिछले साल मई में मंत्रालय ने इन अमरीकी वस्तुओं पर ऊंचा शुल्क लगाने की समयसीमा को बढ़ाकर 16 जून कर दिया था। जून, 2018 के बाद से इस समयसीमा को कई बार आगे खिसकाया जा चुका है। भारत ने जवाबी कदम उठाते हुए अमरीकी उत्पादों पर शुल्क बढ़ाने का फैसला किया है। अमरीका ने भारत से आयात किए जाने वाले कुछ इस्पात और एल्युमीनियम उत्पादों पर शुल्क बढ़ा दिया था। सरकार ने कई उत्पादों पर उच्च शुल्क लगाने की अधिसूचना जारी करेगी। इसमें अखरोट पर आयात शुल्क 30 से बढ़ाकर 120 प्रतिशत किया जाना है। इसी तरह काबुली चना, चना और मसूर दाल पर शुल्क 70 प्रतिशत किया जाना है, जो अभी 30 प्रतिशत है। अन्य दालों पर शुल्क को 40 प्रतिशत किया जाएगा। वित्त वर्ष 2017-18 में भारत का अमरीका को निर्यात 47.9 अरब डालर था, जबकि आयात 26.7 अरब डालर का हुआ था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App