आज मालदीव, कल श्रीलंका जाएंगे मोदी

By: Jun 8th, 2019 12:12 am

 नई दिल्ली -प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को मालदीव जा रहे हैं और वहां से लौटते हुए नौ जून को श्रीलंका दौरे पर जाएंगे। 21 अप्रैल को श्रीलंका में हुए बम धमाकों के बाद मोदी वहां जाने वाले पहले विदेशी नेता होंगे। मोदी राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना से मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री रहते मोदी का यह तीसरा श्रीलंकाई दौरा है। इससे पहले वे 2015 और 2017 में भी श्रीलंका दौरे पर जा चुके हैं। भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि मोदी का यह दौरा श्रीलंका सरकार को यह बताने के लिए है कि इस आपदा में हम उनके साथ बराबरी से खड़े हैं। प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को ट्वीट किया कि आठ और नौ जून को मैं मालदीव और श्रीलंका की यात्रा पर जाऊंगा। इन यात्राओं से पता चलता है कि हम ‘पड़ोसी पहले’ की नीति को कितना महत्त्व देते हैं और समुद्री पड़ोसियों के साथ संबंधों को और मजबूत बनाएंगे। मालदीव की यात्रा का निमंत्रण देने के लिए मैं राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलेह को धन्यवाद देता हूं। मालदीव को भारत एक मूल्यवान साझीदार के रूप में देखता है और हमारे परस्पर गहरे ऐतिहासिक तथा सांस्कृतिक संबंध हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App