ऊना में गर्मी ने तोड़ा 14 साल का रिकार्ड

By: Jun 11th, 2019 12:14 am

2005 के बाद पारा पहली बार 45 डिग्री से पार; तंदूर बने हिमाचल के मैदान, घरों में कैद हुए लोग

शिमला -हिमाचल प्रदेश में सबसे गर्म रहने वाले मैदानी क्षेत्र ऊना में गर्मी ने 14 साल का रिकार्ड तोड़ दिया है। साल 2005 के बाद सोमवार को ऊना में 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान रिकार्ड किया गया है। राज्य के बिलासपुर, हमीरपुर, सुंदरनगर का तापमान 41 डिग्री से अधिक और कांगड़ा का पारा 40 डिग्री से पार हो गया है। इसके अलावा राज्य के सोलन, भुंतर व चंबा का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के करीब है। तापमान में उछाल आने से हिमाचल तंदूर बन गया है। राज्य के मैदानी इलाके भट्ठी की तरह तप रहे हैं। भीषण गर्मी ने मैदानी इलाकों में कर्फ्यू जैसे हालात कायम कर दिए हैं, जिससे लोग घरों में कैद होने को मजबूर हो गए हैं। ऊना में सोमवार को अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। जो साल 2005 के बाद सबसे अधिक आंका गया है। वर्ष 2005 में भी ऊना में इतना ही तापमान रिकार्ड किया गया था। मौसम विभाग के पास उपलब्ध आंकड़ों के तहत हिमाचल प्रदेश के सबसे गर्म जिले में वर्ष 1985 के बाद 2005 में अधिकतम तापमान 45 डिग्री से अधिक रिकार्ड किया गया था। इसके पश्चात अब 14 साल बाद ऊना में इतनी अधिक गर्मी पड़ी है। इसके अलावा राज्य के कांगड़ा, बिलासपुर व सुंदरनगर का तापमान 41 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया है। राज्य के इन इलाकों में भी कई वर्षों बाद इतना अधिक तापमान रिकार्ड किया गया है। सोमवार को राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में इस सीजन का सबसे अधिक तापमान रिकार्ड किया गया है। ऐसे में प्रचंड गर्मी के कारण लोग घरों में कैद होकर रह गए है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने कहा कि ऊना में इतना अधिक तापमान 14 वर्षों बाद रिकार्ड किया गया है।

आसमान से आज बरसेंगी राहत की फुहारें

प्रचंड गर्मी की मार झेल रहे प्रदेशवासियों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने मंगलवार को राज्य के मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के साथ तूफान चलने की चेतावनी जारी की है। उक्त क्षेत्रों में बुधवार को भी यह सिलसिला जारी रहेगा, जो गर्मी की मार झेल रहे लोगों के लिए राहत लेकर आएगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों में 16 जून तक मौसम राहत देता रहेगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश होगी।

यह रहा पारा शहर   तापमान     

शिमला              30.3    

सुंदरनगर            41.0    

भुंतर                 38.2    

कल्पा               24.9    

ऊना                 45.2    

सोलन              37.0    

नाहन              37.8    

कांगड़ा             41.0    

बिलासपुर            41.2    

हमीरपुर           40.8    

चंबा               37.9

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App