कप्तान विराट हुए चोटिल

By: Jun 3rd, 2019 12:06 am

नई दिल्ली -भारत का विश्वकप अभियान पांच जून से शुरू होने वाला है। हालांकि अभियान शुरू होने से पहले ही रविवार को टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। टीम के कप्तान विराट कोहली अभ्यास के दौरान अपनी अंगुली चोटिल कर बैठे हैं। उन्हें यह चोट साउथेम्प्टन में अभ्यास सत्र के दौरान दाएं हाथ के अंगूठे में लगी। भारत को विश्वकप अभियान की शुरुआत दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच से करना है। चोट के बाद भारतीय कप्तान टीम के फिजियो पैट्रिक फारहार्ट के साथ दिखे। पैट्रिक ने सबसे पहले तो उनके अंगूठे पर दर्द निवारक स्प्रे किया और उस पर टेप लगा दिया। इस दौरान वह बर्फ से अंगूठे की सिकाई करते नजर आए। मैदान से बाहर जाते वक्त उनके हाथ में एक गिलास था, जिसमें बर्फ से भरा पानी था। इसमें विराट ने अपनी चोटिल अंगुली डुबा रखी थी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की ओर से विराट कोहली की चोट से संबंधित हालांकि अभी तक कोई बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि अंगुली में चोट की वजह से उन्हें खेलने में परेशानी नहीं होगी। सूत्रों ने बताया कि मामूली चोट से चिंता की बात नहीं है और विराट साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैदान में मौजूद रहेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App