कल मंडी में सीएम की आभार रैली

By: Jun 4th, 2019 12:06 am

मंडी —लोकसभा चुनावों में मंडी संसदीय सीट पर मिली ऐतीहासिक जीत का आभार जताने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पांच जून को गृह जिला मंडी आ रहे हैं। सेरी मंच पर पांच जून को भाजपा आभार रैली करने जा रही है। रैली के बहाने जहां मुख्यमंत्री जनता का आभार जताएंगे, वहीं भाजपा नेता भी सीए का आभार जताते नजर आएंगे। सेरी मंच पर 12 बजे के लगभग भाजपा की यह आभार रैली होगी। लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद मुख्यमंत्री पहली बार मंडी आ रहे हैं। वह शिमला से हवाई मार्ग के जरिए सुंदरनगर पहुंचेंगे और इसके बाद मंडी पहुंचेंगे। इस बीच रास्ते में कई जगहों पर मुख्यमंत्री का स्वागत भी कार्यकर्ता व जनता करेगी।  बता दें कि लोकसभा चुनावों में भाजपा का मुकाबला पंडित सुखराम से हुआ है और चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा ने मंडी सीट के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। चुनावों के दौरान सीएम जयराम ठाकुर ने भी मंडी की जनता से विशेष समर्थन मांगा था। मुख्यमंत्री ने मंडी के सम्मान व स्वाभिमान का नारा देते हुए जनता से वोट करने की अपील की थी, जिसके बाद मंडी जिला ने एकतरफा चुनाव में भाजपा के पक्ष में वोटिंग की थी और भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा चार लाख से अधिक की लीड लेकर जीतने में सफल हुए थे। यही वजह है कि अब मुख्यमंत्री खुद मंडी आकर जनता का आभार प्रकट करने आ रहे हैं। मुख्यमंत्री सेरी मंच से जनता को संबोधित करते हुए मंडी का धन्यवाद करेंगे।  आभार रैली के लिए भाजपा नेता भी कमर कसे हुए हैं। आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह, संसदीय क्षेत्र के पालक एवं मंत्री गोविंद ठाकुर, प्रभारी राम सिंह सहित सभी विधायकों के साथ हुई बैठक में आभार रैली को सफल बनाने के लिए कड़े निर्देश दिए गए।

सुबह 11 बजे सुंदरनगर लैंड करेगा हेलिकाप्टर

भाजपा प्रभारी राम सिंह ने बताया कि पांच जून को मुख्यमंत्री का सुंदरनगर में सुबह साढ़े 11 बजे हेलिपैड पर स्वागत होगा और उसके बाद वह सेरी मंच पर साढ़े 12 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। उनका मंडी पहुंचने पर जगह-जगह स्वागत होगा। उन्होंने कहा कि मंडी की जनता बेसब्री से मुख्यमंत्री का इंतजार कर रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App