कांग्रेस पार्टी सुधरने वाली नहीं

By: Jun 6th, 2019 12:03 am

सत्ती की सलाह, गुफाओं में जाकर आत्ममंथन करें कांग्रेसी

मंडी – प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने एक बार फिर से कांग्रेस पर कड़ा प्रहार किया है। मंडी के सेरी मंच पर आभार रैली को संबोधित करते सत्ती ने कहा कि कुछ लोगों से कांग्रेस चुडे़ल की तरह चिपकी हुई है। इन लोगों को किसी भी मंदिर में ले जाओ या कोई भी उपाय करो, इनसे कांग्रेस छूटने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भी एक नेशनल पार्टी है, इसमें भी कई अच्छे लोग हैं। क्षेत्रीय दलों के बढ़ते प्रचलन को रोकने के लिए कांग्रेस को अपने आप को मजबूत करना चाहिए, ताकि भाजपा का मुकाबला उससे होता रहे। कांग्रेस में थोड़ा बहुत लोकतंत्र तो बचा ही है, इसमें और सुधार लाने की जरूरत है, लेकिन कांग्रेस सुधरने वाली नहीं। सत्ती ने कहा कि इतनी बड़ी हार के बाद कांग्रेस नेताओं को एक वर्ष तक कोई बयान नहीं देना चाहिए। कांग्रेस नेताओं को गुफाओं में जाकर मंथन करना चाहिए कि उन्होंने ऐसे कितने बडे़ पाप किए हैं, जो उन्हें फिर से बड़ी हार मिली है। पुरानी पीढ़ी के लोग तो कांग्रेस को नहीं छोड़ सकते, लेकिन इनकी नई पीढ़ी नरेंद्र मोदी की कार्यशैली से प्रभावित है और उसने जमकर भाजपा के पक्ष में मतदान किया है। ऐसे लोगों को भाजपा ने अपने साथ अब छोड़ना है। आने वाले समय में धर्मशाला व पच्छाद में विधानसभा के उपचुनाव होने हैं, इसके लिए भाजपा तैयार है। भाजपा दोनों सीटें जीत कर विधानसभा में अपना आंकड़ा बरकरार रखेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वह पार्टी से ऊपर उठकर अधिक से अधिक लोगों खास कर भाजपा का समर्थन करने वाले कांग्रेसियों को भी साथ जोड़ें। इस बार जनता ने पलंग पर बैठकर राजनीति करने वाले नेताओं की पलंग ही तोड़ कर रख दी है। आज राजनीति में परिवारवाद के गुलाम लोग ही कांग्रेस में रह गए हैं, बाकी वक्त रहते खिसक रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App