खड्ड में नहाने उतरे तीन डूबे

By: Jun 9th, 2019 12:01 am

ऊहल की लहरों में बह गया रोहतक का सैलानी

बरोट,मुल्थान, बैजनाथ – बरोट के पास मुल्थान में ऊहल   में डूबने से एक पर्यटक की मौत हो गई। मृतक की पहचान राम चंद पुत्र सुभचंद  निवासी रोहतक के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रोहतक से रामचंद, धर्मदेव, आनंद प्रकाश व मनजीत बरोट घूमने के लिए आए थे। शनिवार सुबह करीब दस बजे वे  ऊहल में गोता लगाने चले गए। नदी में नहाते समय रामचंद पानी के तेज बहाव में बह गया। दोस्तों ने उसे बचाने के लिए आवाज लगाई, लेकिन उसका  में पता नहीं चल सका। कुछ देर बाद स्थानीय लोगों की मदद से करीब 250 मीटर दूर युवक का शव बरामद किया गया। दोस्तों ने बताया कि वे रोहतक से घूमने के लिए पहुंचे और सुबह उन्होंने तैराकी का प्लान बनाया और नदी में चले गए। इसी बीच उनका दोस्त पानी के तेज बहाव में बह गया।  मुल्थान चौकी के हैड कांस्टेबल संजीव कुमार ने   कहा कि शव को बैजनाथ   अस्पताल में ले जाया गया है। केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।    

रंगस में पैर फिसलने से पानी में समाया युवक

नादौन – थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत रंगस गांव में खड्ड में नहाते हुए डूबने से युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान शुभम शर्मा (22) पुत्र राकेश कुमार निवासी गांव तरकेडी के रूप में हुई है। जानकारी  के अनुसार  शुभम शनिवार सुबह से ही ग्रामीणों द्वारा दंगड़ी के पास लगाई गई छबील में सेवा कर रहा था। शाम के समय अपने दोस्तों सहित रंगस के निकट खड्ड में नहाने चला गया। उसे व उसके दोस्तों को ज्यादा तैरना नहीं आता था। इसी बीच उसका पैर फिसला और वह गहरे पानी में चला गया।  दोस्तों द्वारा शोर मचाने पर एक अधेड़ ने शुभम को पानी से बाहर निकाला और जोलसप्पड़ में डाक्टर के पास ले गए। यहां से इसे नादौन अस्पताल लाया गया। जांच के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुभम सेना में भर्ती होने के लिए तैयारी कर रहा था। जांच अधिकारी अतिरिक्त थाना प्रभारी राजेश शर्मा ने खबर की पुष्टि की है।

चुवाड़ी में सात साल के मासूम को निगल गया पानी

चुवाड़ी – उपमंडल मुख्यालय के समीप कलम खड्ड में शनिवार को सात वर्षीय लड़के की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान विश्व पुत्र अर्जुन गांव कुलेरा के तौर पर की गई है, जोकि कस्बे के एक निजी स्कूल में दूसरी कक्षा का छात्र था। पुलिस ने  शव का सिविल अस्पताल चुवाडी में पोस्टमार्टम करवाने के उपरांत परिजनों को सौंप दिया है। उपमंडलीय प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार विपन कुमार ने दस हजार रूपए की फौरी राहत प्रदान कर दी है।  जानकारी के अनुसार आईपीएच विभाग में कार्यरत अर्जुन का सात वर्षीय इकलौता बेटा विश्व शनिवार को अपने दोस्तों संग खड्ड में नहा रहा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में समा गया।  मौके पर पहुंचे लोगों ने पाया कि विश्व का शरीर पानी में तैर रहा था। लोगों ने उसेचुवाड़ी अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित करार दे दिया। उधर, एसपी चंबा डा. मोनिका भुटुंगरू ने घटना की पुष्टि की है।  


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App