खाकी वर्दी पहनने को दौड़ेंगे 19 हजार

धर्मशाला—हिमाचल प्रदेश पुलिस में खाकी पहनने के चाहवान 19 हजार से अधिक युवा जिला कांगड़ा में 18 जून से दौडें़गे। कांगड़ा में 234 कांस्टेबल पदों पर भर्ती की जाएगी, इसके लिए अब शारीरिक परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। शारीरिक परीक्षा में पास होने वाले उम्मीदवारों के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। 18 जून को पुलिस भर्ती प्रक्रिया को लेकर डीआईजी एवं पुलिस अधिक्षक कांगड़ा संतोष पटियाल की अध्यक्षता में बैठक कर कांगड़ा पुलिस ने रणनीति बनाई है। इसके तहत उम्मीदवारों को इस बार ऑनलाइन ही एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। उम्मीदवार पुलिस विभाग की वेबसाइट में एडमिट कार्ड डाउनलोड कर शारीरिक परीक्षा में भाग ले सकेंगे।  प्रदेश के सबसे बड़े जिला कांगड़ा में हिमाचल प्रदेश पुलिस के 234 कांस्टेबल के पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें 158 पुरुष, 47 महिला और चालक कांस्टेबल के 29 पदों पर भर्ती प्रक्रिया होगी। इसके लिए उम्मीदवारों की शारीरिक परीक्षा की प्रक्रिया 18 जून से शुरू कर दी जाएगी। गौरतलब है कि हिमाचल पुलिस में कांस्टेबल के 1063 पदों पर भर्ती होगी। इनमें पुरुष कांस्टेबल के 720 पद, महिला कांस्टेबल के 213 पद व चालक कांस्टेबल के 130 पद शामिल हैं। इसमें सबसे बड़े जिला कांगड़ा में सबसे अधिक 234 कांस्टेबल के पदों पर भर्ती होगी। इस संबंध में एसपी कांगड़ा संतोष पटियाल ने बैठक करण भर्ती प्रक्रिया की व्यवस्था को लेकर योजना बनाई है। पुलिस विभाग द्वारा 234 पदों के लिए कुल 19 हजार 890 उम्मीदवारों को कॉल लेटर ऑनलाइन जारी किए जाएंगे। मैदानी परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को ब्लॉक के आधार पर बुलाया जाएगा। युवाओं को पुलिस की वेबसाइट में जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड करना होगा। शारीरिक योग्यता परीक्षा के तहत दौड़ 1500 मीटर पुरुष छह मिनट 30 सेंकेड, 800 मीटर महिला चार मिनट 15 सेकेंड, हाई जंप 1.25 पुरुष व एक मीटर महिला तीन प्रयास में और लांग जंप चार मीटर पुरुष व तीन मीटर महिला के लिए तीन प्रयास में पास करना अनिवार्य होगा। भर्ती के लिए लिखित परीक्षा भी करवाई जाएगी, जिसमें 80 अंक होंगे। इसमें हिंदी, इंग्लिश, सामान्य ज्ञान, गणित व साइंस और तार्किक क्षमता के 16-16 अंकों के प्रश्न पूछे जाएंगे। लिखित परीक्षा एक घंटे की जमा दो स्तर की होगी। इसके अलावा मौखिक साक्षात्कार 15 अंकों का होगा, जिसे पर्सनेलिटी टेस्ट का नाम दिया गया है।