ग्रीष्मोत्सव के लिए विशेष बसें

शिमला —शिमला ग्रीष्मोत्सव के दौरान जनता को आवाजाही के लिए विशेष बस सेवा संचालित की जाएगी। यह जानकारी हिमाचल पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक देवासेन नेगी ने दी हैै। देवासेन नेगी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव आयोजन समिति के प्रमुख एवं उपायुक्त शिमला अमित कश्यप ने इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए ग्रीष्मोत्सव के दौरान 03 से 06 जून  तक कार्टरोड शिमला पर मुद्रिका बस सेवा चलाई जाएगी। यह सेवा कार्यक्रम समाप्त होने तक जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि इस अवधि में पथ परिवहन निगम की विशेष बस सेवा पंथाघाटी मैहली मार्ग तथा ढली मार्ग पर चलाई जाएगी। पुराना बस अड्डा से छोटा शिमला संजौली आईजीएमसी लक्कड बाजार विक्ट्री टनल एवं पुराना बस अड्डा मार्ग पर बस सेवाएं संचालित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि पुराना बस अड्डा से हिमलैंड, टॉलैंड, खलीणी, बीसीएसए विकासनगर, पंथाघाटी होते हुए मैहली मार्ग पर भी बस सेवा उपलब्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि ग्रीष्मोत्सव की अवधि में सामान्य तौर पर रात को आठ बजे तक चलने वाली पथ परिवहन निगम की बस सेवा को रात्रि 10ः00 बजे तक चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 06 जून को ये बस सेवाएं रात्रि 12ः00 बजे तक उपलब्ध रहेंगी। देवासेन नेगी ने कहा कि इस अवधि में पुराना बस अड्डा शिमला से आईएसबीटी तक भी रात्रि 10ः00 बजे तक और 06 जून  को रात्रि 12ः00 बजे तक बस सेवा उपलब्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि उपायुक्त शिमला अमित कश्यप ने सभी बस सेवाओं में एक-एक पुरूष और महिला आरक्षी तैनात करने के संबंध में निर्देश जारी किए हैं।