चंबा में नड्डा की ताजपोशी पर दिवाली

By: Jun 19th, 2019 12:10 am

कार्यकर्ताओं ने फोड़े पटाखे; मिठाइयां बांट कर किया खुशी का इजहार, पीएम ने बढ़ाया हिमाचल प्रदेश का मान

चंबा, सुंडला, भरमौर—भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता जगत प्रकाश नड्डा के पार्टी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद जिला भाजपा जश्न में डूब गई है। मंगलवार को भाजपा ने विभिन्न जगह आतिशबाजी कर और हलवा व लड्डू बांटकर लोगों के साथ खुशियां बांटीं। जिला मुख्यालय में भी मंगलवार को सदर विधायक पवन नैयर की अगवाई में कार्यकर्ताओं ने मुख्य चौक पर आतिशबाजी करने के साथ लोगों को हलवा बांटड्डा। विधायक ने कहा कि पूर्व में भाजपा के केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री रहे जगत प्रकाश नड्डा को संगठन का लंबा अनुभव है। एक छोटे से पहाड़ी राज्य के नेता को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जाना हिमाचलवासियों के लिए गर्व का विषय है। पवन नैयर ने कहा कि मात्र 29 वर्ष की उम्र में नड्डा को कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र का पहली बार प्रभारी बनाया गया था। इस दौरान शांता कुमार ने कांगड़ा- चंबा सीट पर विजय हासिल की थी। लिहाजा जिला चंबा से जगत प्रकाश नड्डा का विशेष लगाव रहा है। उन्होंने उम्मीद जाहिर करते हुए कहा कि नड्डा के नेतृत्व में आने वाले समय में भारतीय जनता पार्टी को और ज्यादा मजबूती मिलेगी तथा हिमाचल प्रदेश में भी विकास के नए आयाम स्थापित होंगे। इस मौके पर भाजपा मंडलाध्यक्ष विनोद कुमार, सचिव संजीव सूरी, महामंत्री धीरज नर्याल पार्षद धीरज बडियाल, भाजपा जिला सचिव दिनेश शर्मा व भाजयुमो के जिला प्रधान विनायक रैणा सहित कई अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। उधर, सुंडला में जिला भाजपा प्रधान डीएस ठाकुर की अगवाई में कार्यकर्ताओं ने जगत प्रकाश नड्डा को भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर मिठाइयां बांट व पटाखे फोड़ कर खुशी जाहिर की। इस अवसर पर डीएस ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व अमित शाह का आभार प्रकट करते हुए कहा कि जेपी नड्डा को बतौर भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के पद पर नियुक्ति देकर हिमाचल प्रदेश का मान बढ़ाया है। यह प्रदेश के लिए ऐतिहासिक पल है। इधर, पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर भरमौर भाजपा में खुशी का माहौल है। कार्यकारी अध्यक्ष की घोषणा के बाद मंगलवार को भरमौर भाजपा ने चौरासी मंदिर परिसर में खूब पटाखे फोड़े। और साथ ही कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां भी बांटी। इस मौके पर भरमौर भाजपा मंडल के अध्यक्ष सत्य प्रसाद शर्मा ने कहा कि हिमाचल के लिए यह गर्व की बात है कि विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष हिमाचल से ताल्लुक रखते हैं।  इस मौके पर भाजपा मंडल के मीडिया प्रभारी अनिल कुमार और भाजपा युवा मोर्चा जिला चंबा के महामंत्री अनिल कुमार समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App