जंग का मैदान बना बंगाल, आठ की मौत

By: Jun 10th, 2019 12:07 am

चुनाव के बाद टीएमसी-भाजपा कार्यकर्ताओं में हिंसक झड़पों का दौर जारी

कोलकाता – पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और भाजपा के कार्यकर्ताओं के बीच उत्तर 24 परगना में रविवार को हुई झड़प में कथित रूप से कम से कम आठ लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। दोनों दलों के सूत्रों ने रविवार को इस बात की जानकारी दी। इस हिंसा के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राज्य सरकार से तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी है। जहां राज्य भाजपा सूत्रों ने दावा किया कि तृणमूल समर्थित लोगों द्वारा उनके पांच कार्यकर्ताओं की गोली मारकर हत्या कर दी गई है और 18 अन्य लापता हो गए हैं, वहीं तृणमूल कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के तीन कार्यकर्ता संदेशखली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इलाके हाटगाछी में हुए खूनी संघर्ष में मारे गए हैं। संदेशखली संघर्ष में मारे गए लोगों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई हैं। भाजपा नेता मुकुल रॉय ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ हिंसा के लिए ममता बनर्जी सीधे जिम्मेदार हैं। संदेशखली में हुई हत्याओं के बारे में जानकारी देने के लिए हम केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पास जाएंगे। पुलिस ने इस घटना में अब तक भाजपा के दो और तृणमूल कांग्रेस के एक कार्यकर्ता की मौत होने की पुष्टि की है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, शनिवार दोपहर भाजपा के झंडे को हटाने को लेकर दो समूहों के बीच झड़प शुरू हो गई। इसने जल्द ही एक हिंसक रूप ले लिया और गोलियां चलाई जाने लगीं। मुकुल रॉय ने बताय कि शनिवार को पार्टी के तीन कार्यकर्ताओं प्रदीप मंडल, तपन मंडल और सुकांता मंडल की मौत होने और पांच अन्य कार्यकर्ताओं के घायल होने की जानकारी मिली थी। बाद में चौथे भाजपा कार्यकर्ता देवव्रत मंडल की भी गोली लगने से मौत हो गई। भाजपा सूत्रों ने कहा कि बाद में एक अन्य घायल भाजपा कार्यकर्ता शंकर मंडल का शव मिला, जिसकी रविवार सुबह मौत हो गई थी। उधर, तृणमूल कांग्रेस ने कहा कि हाटगाछी में उसके कार्यकर्ता कयूम मुल्ला की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि दो अन्य को पानी में फेंक दिया गया। तृणमूल के जिला अध्यक्ष ज्योतिप्रिया मलिक ने कहा कि हाटगाछी में हमारी बूथ स्तरीय बैठक पर भाजपा समर्थित तत्वों ने हमला कर दिया। वे लोग 26 वर्षीय मुल्ला को खींचकर ले गए और चाकुओं से गोदकर उसकी हत्या कर दी। दो अन्य कार्यकर्ताओं को नदी में डुबो दिया। छह महिलाओं समेत तृणमूल के 18 कार्यकर्ता हमले में घायल भी हुए हैं।

पुलिसकर्मियों से भिड़े भाजपा वर्कर

कोलकाता – उत्तर 24 परगना जिला के बशीरहाट में हिंसा में मारे गए भाजपा कार्यकर्ताओं के शवों को पार्टी दफ्तर ले जा रहे वाहनों को सुरक्षाबलों ने रोक लिया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस में झड़प भी हुई। बशीरहाट में शनिवार शाम दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं में झंडा हटाने को लेकर विवाद हुआ था। इस विवाद में पांच भाजपा व तीन टीएमसी कार्यकर्ताओं की मौत हुई थी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App