जबरन वसूली के मामले में तीन गिरफ्तार

परवाणू—परवाणू पुलिस ने ट्रांसपोर्ट यूनियन के नाम पर जबरन वसूले करने के 10 महीने पहले के मामले में रविवार रात तीन लोगों को गिरफ्तार किया हैं। इस मामले में पुलिस तीनों आरोपियों को कसौली कोर्ट में पेश करेगी। यह मामला परवाणू ट्रक यूनियन के प्रधान की शिकायत पर लगभग 10 महीने पहले दर्ज किया गया था, जिस पर अब जाकर कार्रवाई हुई है। जानकारी के अनुसार परवाणू पुलिस ने जबरन पर्ची काटने के मामले में प्रमोद शर्मा, शेर सिंह व तरेश कुमार को रविवार रात को गिरफ्तार किया। ये गिरफ्तारियां ट्रक आपरेटर यूनियन परवाणू के प्रधान द्वारा 22 अगस्त 2018 को पुलिस थाना परवाणू में दिए गए एक शिकायती पत्र के आधार पर की गई हैं, जिसमें उक्त लोगों के खिलाफ  एक ट्रांसपोर्ट सोसायटी के नाम पर जबरन वसूली का आरोप लगाया गया है। इस बारे एसएचओ परवाणू रुपेश कांत ने पुष्टि करते हुए बताया की इस मामले में तीन लोगों को आईपीसी की धारा 384 व 506 के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया है, जिन्हें कसौली कोर्ट में पेश किया जाएगा।