जिसने काम किया, उसे इनाम

By: Jun 3rd, 2019 12:02 am

कर्मठ कार्यकर्ताओं को ओहदा देने के लिए ढूंढ रही कांगे्रस

 शिमला —कांगे्रस बेशक लोकसभा चुनाव में हार गई है, लेकिन पार्टी के ऐसे कार्यकर्ता भी रहे हैं, जिन्होंने जी-जान से संगठन के लिए मेहनत की। ऐसे कार्यकर्ताओं को संगठन में कभी भी कुछ हासिल नहीं हो सका, लेकिन अबकी बार इनकी बारी है। ऐसे कार्यकर्ताओं की तलाश संगठन करने लगा है, जिन्होंने चुनाव के दौरान फील्ड में जमकर काम किया। बेशक इसका नतीजा जीत के रूप में हासिल नहीं हो सका, परंतु फिर भी कार्यकर्ताओं ने पूरी निष्ठा के साथ काम किया है। अब संगठन ऐसे लोगों को ओहदे देगा, ताकि आम कार्यकर्ताओं का इससे मनोबल बढ़ सके। अभी तक नामचीन नेताओं को ही संगठन में ओहदेदारी मिलती रही है और चुनाव के दौरान उनका जनता के बीच आधार सामने आ चुका है। ऐसे में अब कांग्रेस को अपनी रणनीति बदलने की जरूरत है और पुरानी परंपराओं को खत्म करके  नया करने की जरूरत है। यही वजह है कि प्रदेश कांग्रेस ने संगठन में ऊपर से नीचे तक बदलाव की सोच ली है और कर्मठ कार्यकर्ताओं की तलाश कर उनको पदों पर बिठाकर नई रणनीति के साथ कांग्रेस काम करेगी। बूथ स्तर पर ऐसे कार्यकर्ता ढूंढ़े जा रहे हैं, जिन्हें लेकर प्रदेश कांगे्रस के अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने रिपोर्ट मांगी है। सभी जिलों से बूथ स्तर के इस तरह के कार्यकर्ताओं की रिपोर्ट मांगी गई है, जो सालों से निष्ठा से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। माना जा रहा है कि इन छोटे कार्यकर्ताओं को बड़े ओहदे देकर उनको सम्मानित किया जाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष के राजनीतिक सचिव हरि कृष्ण हिमराल ने बताया कि संगठन में संभावित फेरबदल के दृष्टिगत जुझारू और कर्मठ पार्टी के कार्यकर्ताओं की पूरी जानकारी उनके बायोडाटा के साथ हासिल की जा रही है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App