जीत के लिए रूठों को भी मनाएं

By: Jun 2nd, 2019 12:04 am

हिसार -इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) अध्यक्ष एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने कहा है कि राज्य में अक्तूबर में होने वाले विधानसभा चुनावों में पार्टी की सरकार बनेगी तथा इसके लिए पार्टी     कार्यकर्ताओं को पहले से कहीं अधिक मेहनत करनी होगी।उन्होंने कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी लगाई कि वे अधिकाधिक लोगों से संपर्क कर उन्हें पार्टी में शामिल करें और रूठों को भी मनाएं। श्री चौटाला ने पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि लोकसभा चुनावों में पार्टी भले ही हारी हो, लेकिन विधानसभा चुनावों में परिस्थितियां और होंगी। उन्होंने कहा कि वक्त बहुत कम है तथा कार्यकर्ताओं और अधिक मेहनत कर पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनावों के बाद राज्य में इनेलो की ही सरकार बनेगी। उन्होंने दावा किया कि राज्य के लोगों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रति रोष था। इन्होंने केवल नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए वोट दिया है। उन्होंने कहा कि इनेलो की जिन सीटों पर जीत निश्चित मानी जाती थी, उन पर भी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। लेकिन कार्यकर्ताओं को निराश होने की जरूरत नहीं है, उन्हें विधानसभा चुनावों के लिए और अधिक मेहनत करनी होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App