जेई को थप्पड़ मारने वाला आरोपी शिक्षक गिरफ्तार

पद्धर—सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग उपमंडल बग्गी के कनिष्ठ अभियंता के साथ हुए अभद्र व्यवहार और हाथापाई के मामले में आरोपित व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस प्रशासन द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई पर प्रदेश सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग कनिष्ठ अभियंता संघ ने आभार जताया है। वहीं संघ ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र ठाकुर ने कहा कि घटना को अंजाम देने वाला आरोपी पेशे से शिक्षक हैं। सरकारी कार्यालय में सरकारी कर्मचारी के प्रति हाथापाई करना एक गंभीर मामला है, जो आरोपी की घटिया मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने विभाग के मुखिया होते हुए मामले को गंभीरता से लिया, जिससे  आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी  संभव हो पाई। इसके लिए संघ आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर का तहेदिल से आभार व्यक्त करता है। आरोपी की गिरफ्तारी से पीडि़त कनिष्ठ अभियंता पारस गुप्ता ही नहीं अपितु प्रदेश भर के कनिष्ठ अभियंताओं का मनोबल बढ़ा है। शुक्रवार को घटित मामले के बाद विभाग में कार्यरत समस्त कनिष्ठ अभियंताओं में कार्य के प्रति असंतुलन का माहौल पैदा हो गया था, जिस पर विभाग के मुखिया सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर का अपने विभाग के कर्मचारियों को इस मुश्किल घड़ी में  हर संभव  मदद  की सांत्वना देने से माहौल थोड़ा शांत होने लगा है। कनिष्ठ अभियंता विभाग की रीढ़ माने जाते हैं, जिसका बड़े से बड़े  प्रोजेक्ट के प्रस्ताव से लेकर  उसके कार्यान्वयन और सरकार की योजनाओं को जनता के घर द्वार पहुंचाने के लिए विशेष योगदान रहता है। शनिवार को आरोपी की गिरफ्तारी से प्रदेश भर में  कार्यरत समस्त कर्मचारियों का सरकार के प्रति विश्वास और ज्यादा बढ़ा है। संघ ने विभाग के मुखिया सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर को विभाग में अब दोगुना ऊर्जा के साथ काम करने का भरोसा भी दिलाया है।