जेपी नड्डा की ताजपोशी से बढ़ा प्रदेश का कद

By: Jun 19th, 2019 12:10 am

मुख्यमंत्री जयराम बोले, छोटे से पहाड़ी राज्य को राष्ट्रीय राजनीति में मिली बड़ी पहचान

शिमला —पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा को भाजपा कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान सौंपे जाने से हिमाचल की भी शान बढ़ गई है। उन्हें पार्टी में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय दीप कमल में जश्न मनाया गया। इस दौरानन  मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर  ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जगत प्रकाश नड्डा को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने से हिमाचल  का गौरव बढ़ा है और  जनसंख्या की दृष्टि से छोटा प्रदेश राष्ट्रीय स्तर पर बहुत बड़ा हो गया है। नड्डा के साथ पार्टी में काम करने का उनका सुखद अनुभव रहा है। उन्होंने कहा कि एक ओर संगठन में नड्डा को सर्वोच्च पद मिलना व दूसरी ओर पार्टी के सांसद अनुराग ठाकुर को केंद्र में मंत्री पद मिलना हिमाचल के संगठन व सरकार में महत्त्वपूर्ण प्रतिनिधित्व हिमाचल को संगठन व सरकार में शिखर तक पहुंचाएगा। इस अवसर पर पार्टी अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि जगत प्रकाश नड्डा का विद्यार्थी परिषद के एक कार्यकर्ता से विश्व की सबसे बड़ी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना इस बात को दर्शाता है कि यह केवल भारतीय जनता पार्टी में ही संभव है।  इस अवसर पर पार्टी संगठन मंत्री पवन राणा, प्रदेश सरकार में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री विपिन परमार, पार्टी महासचिव चंद्रमोहन ठाकुर, उपाध्यक्ष  गणेश दत, विधायक  विनोद कुमार, सचिव त्रिलोक जम्वाल, पायल वैद्य, शशि बाला, महेंद्र धर्माणी, कोषाध्यक्ष कपिल सूद, नगर निगम शिमला की महापौर कुसुम सदरेट, उप महापौर राकेश शर्मा, जिलाध्यक्ष  संजय सूद सहित पार्टी के पार्षदों एवं पार्टी पदाधिकारियों ने पार्टी कार्यालय के बाहर पटाखे जलाकर बधाई दी।

सीएम जयराम ठाकुर ने दिल्ली में जाकर नड्डा को दी बधाई

शिमला। भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष   जगत प्रकाश नड्डा को मिलकर बधाई देने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दिल्ली रवाना हो गए हैं। वह शाम साढ़े 4 बजे अनाडेल से दिल्ली के लिए हेलिकाप्टर से रवाना हुए । मुख्यमंत्री बुधवार सुबह वापस शिमला लौटेंगे जिनका यहां सुबह 10 बजे पहुंचने का कार्यक्रम है। मंगलवार शाम को उन्होेंने दिल्ली में जेपी नड्डा को बधाई दी।

भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना प्रदेश के लिए गौरव का क्षण

हमीरपुर। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने जेपी नड्डा को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। पूर्व मुख्यमंत्री ने   कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी का अध्यक्ष बनना जेपी नड्डा के लिए व्यक्तिगत उपलब्धि और सम्मान की बात है। साथ साथ ही यह पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव एवं सम्मान की बात है।

नड्डा को कमान सौंपकर पीएम ने प्रदेश का गौरव बढ़ाया 

पालमपुर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता शांता कुमार ने  जगत प्रकाश नड्डा को भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और  अमित शाह का आभार व्यक्त किया है । उन्होंने कहा है  नड्डा को पार्टी का  कार्यकारी अध्यक्ष घोषित कर हिमाचल प्रदेश को राष्ट्रीय राजनीति में पुनः गौरवान्वित होने का अवसर प्राप्त हुआ है ।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App