टकारा बायो हिमाचल में निवेश को तैयार

By: Jun 17th, 2019 12:02 am

नीदरलैंड्स में पहली बार योग क्रियाएं

एमस्टर्डम के डैम स्क्वायर में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किया शुभारंभ

शिमला —मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को नीदरलैंड्स के एमस्टर्डम के डैम स्क्वायर में भारतीय दूतावास द्वारा आयोजित पांचवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का शुभारंभ किया। इस मौके पर सीएम ने कहा कि योग ऐसी विधा है, जिसको निरंतर अपनाने से शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य पर निरंतर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित किया जाने वाला यह सबसे बड़ा कार्यक्रम था। यह आयोजन भारतीय दूतावास एवं योग में गहरी रुचि रखने वाले व्यक्तियों के सहयोग से किया गया। इस दौरान योग प्रदर्शन ध्यान सत्र, संगीत, नृत्य एवं शाकाहारी भोजन पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को मनाया जाता है और पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर वर्ष 2015 में इसे मनाया गया। उन्होंने कहा कि आज अमरीका, चीन, कनाडा आदि सहित 170 से अधिक देश इस आयोजन में भाग ले रहे हैं। मौजूदा समय में हर व्यक्ति, बीमारियों की रोकथाम एवं स्वस्थ रहने के लिए योग पर अपना विश्वास प्रकट कर रहा है। विश्व में लाखों लोग योग से लाभान्वित हुए हैं और योग का प्रभाव प्रतिदिन और अधिक बढ़ रहा है। योग शब्द संस्कृत के शब्द युजष् से बना है, जिसका अर्थ है व्यक्तिगत चेतना का मिलन। उन्होंने कहा कि यह योग मानवता को एक खुशहाल और स्वस्थ जीवन जीने के लिए एक उपहार है। डच सेना के प्रतिनिधियों ने भी योग सत्रों में भाग लिया। नीदरलैंड्स के रक्षा मंत्रालय ने सशस्त्र सेनाओं में तनाव कम करने के लिए योग अभ्यासों को सैन्य प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल किया है। इस अवसर पर डैम स्क्वायर स्थित रॉयल पैलेस के सामने लगभग 3000 व्यक्ति एकत्रित हुए। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा निर्मित एक लघु फिल्म भी इस दौरान प्रदर्शित की गई। यह पहला मौका था, जब भारत से संबंधित कोई आयोजन डैम स्क्वायर में आयोजित किया गया।

मेड इन इंडिया उत्पाद

इस वर्ष के योग दिवस में विशेष तौर पर मेड इन इंडिया के माध्यम से भारतीय हस्तशिल्प उत्पाद प्रदर्शित किए गए। इन उत्पादों को भारत के पांच राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता कारीगरों द्वारा पूरे दिन प्रदर्शित किया गया। महर्षि आयुर्वेद केंद्र द्वारा इस अवसर पर एक विशेष स्टॉल लगाया गया, जिसमें स्वस्थ जीवन के लिए योग परामर्श प्रदान की गई। नीदरलैंड्स में भारत के राजदूत वेणु राजामोनी ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया।

फलों की प्रोसेसिंग में ली जाएगी मदद सीएम ने दिया हिमाचल आने का न्योता

शिमला —विदेशी कंपनी टकारा बायो आईएनसी हिमाचल प्रदेश में निवेश की इच्छुक है। बायो टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में यह कंपनी विश्वविख्यात है, जिसने हिमाचल में निवेश को लेकर अपना सकारात्मक रुझान दिखाया है। नीदरलैंड्स में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व उनके साथ गई टीम ने इस कंपनी के पदाधिकारियों के साथ निवेश को लेकर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बायो टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में हिमाचल में व्यापक संभावनाएं हैं। इस दिशा में देशी कंपनियों के साथ सरकार काम भी कर रही है। कई नामी कंपनियों ने यहां पर निवेश कर रखा है। उन्होंने विदेशी कंपनियों से हिमाचल में निवेश को लेकर निमंत्रण दिया। टाकारा बायो आईएनसी ने राज्य में निवेश पर गहरी रुचि दिखाई। उन्होंने कहा कि इस तरह की सुविधाएं खाद्य प्रसंस्करण के लिए उत्पादों की गुणवत्ता नियंत्रण को सुनिश्चित करेगी। उन्होंने प्रसंस्करण के लिए बड़ी कंपनियों को आपूर्ति के लिए आलू और फलों के भंडारण पर चर्चा करने के लिए ओमिनीवेंट के सदस्यों से भी भेंट की। ओमिनीवेंट हिमाचल प्रदेश में पहले से मौजूद है और वह सफल भंडारण के लिए प्रौद्योगिकियों का विस्तार करना चाहता है। उन्होंने इस कंपनी को हिमाचल में और निवेश में सरकार की ओर से पूरी मदद का भरोसा जताया। सरकार शीत भंडारण स्थल विकसित करना चाहती है, जिसके लिए उसने विदेशी निवेशकों को न्योता दिया।

एमस्टर्डम शहर में हिमाचली वादियां

एमस्टर्डम शहर में हिमाचल की हसीन वादियों को भी दिखाया गया। यहां हिमाचल के टूरिज्म और वादियों से जुड़ी एक शॉर्ट फिल्म निवेशकों को दिखाई गई और बताया गया कि हिमाचल प्रदेश में किस तरह की नैसर्गिक सुंदरता है। टूरिज्म में हिमाचल क्या कुछ नया कर रहा है और किस तरह से यहां पर नए स्थलों का विकसित किया जा रहा है, इसे लेकर एक विस्तृत प्रेजेंटेशन दी गई।

आज पहुंचेंगे दिल्ली

मुख्यमंत्री व उनकी टीम नीदरलैंड्स में योगा डे के अवसर पर आयोजित समारोह में भी शामिल हुए। पहले इस तरह का कार्यक्रम नहीं था। दोपहर 12 बजे वहां योगा डे पर कार्यक्रम हुआ। शाम को हिमाचल की टीम वहां से रवाना हो गई। सोमवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दिल्ली पहुंचेंगे, जहां से उनका शिमला आने का कार्यक्रम है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App