डा. राजिंद्र सिंह व डा. साहिब सिंह ने नशे के रोगियों को दिखाई नई राह

By: Jun 27th, 2019 12:05 am

राजगढ़—नशे और नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ डा. राजिंद्र सिंह और डा. साहिब सिंह ने पंजाब, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ में नशा मुक्ति केंद्र स्थापित कर कई नशे रोगियों को जीवन की नई राह दिखाई है। युवाओं से नशा सेवन के खिलाफ व्यापक जन जागरूकता अभियान में दोनों का महत्त्वपूर्ण योगदान रहा है। जन जागरूकता अभियान के साथ-साथ व्यक्तिगत रूप से भी सभी को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में अवगत करने में दोनों ने प्रमुख भूमिका निभाई है। डा. राजिंद्र सिंह (एमबीबीएस, डीपीएम, एमडी मनोरोग) 1991 में भारतीय सेना से वरिष्ठ सलाहकार मनोरोग विशेषज्ञ के रूप में सेवानिवृत्त हुए। इसके तुरंत बाद उन्होंने सेक्टर-34 में गुरुद्वारा तेग बहादुर में अपनी पत्नी के साथ मिलकर ओपीडी में नशे रोगियों को देखना शुरू किया। आज ओपीडी में रोजाना लगभग 150 रोगियों को सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। सभी मरीजों का निःशुल्क इलाज किया जाता है। नशे के खिलाफ लंबी यात्रा के बारे में डा. राजिंद्र सिंह ने कहा कि वर्ष 2004 में उन्होंने कलगीधर ट्रस्ट बड़ू साहिब के साथ मिलकर समाज सेवा के क्षेत्र में दूसरी पारी शुरू की और पंजाब के गांव चीमा संगरूर में अकाल ड्रग-डि-एडिक्शन सेंटर के नाम से अपना डी-एडिक्शन सेंटर स्थापित किया। 2016 में सिरमौर के बड़ू साहिब में दूसरा नशामुक्ति केंद्र शुरू किया।  उन्होंने कहा कि वर्तमान में वह अपनी स्वैच्छिक सेवा के रूप में तीन केंद्रों का प्रबंधन संचालन कर रहे हैं और एक महीने में 500 से अधिक रोगियों को देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब तक 25 हजार नशे के मरीजों को नशे से दूर किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App